बराड़ा: 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बराड़ा में 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों का दावा- शरीर पर चोटों के निशान, आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज।
 
पोस्टमार्टम रिपोर्ट

बराड़ा : बराड़ा में एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव भगवान वाल्मीकि मंदिर के पास एक घर में मिला। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए उसके शरीर पर चोटों के निशान होने का दावा किया है। 

मृतक के भाई गौरव कुमार ने बताया कि शनिवार रात को उसके छोटे भाई राहुल को गांव के ही इसरार, नसीब और नसीम घर पर बुलाने आए तो उनकी माता  व बहन ने राहुल को जाने से मना कर दिया। लेकिन कुछ देर बाद आने की बात कहकर वह राहुल को साथ ले गए। लेकिन राहुल पूरी रात घर नहीं लौटा। सुबह शाहिद ने उन्हें बताया कि राहुल सलमान अली के चौबारे में मृत अवस्था में पड़ा है। गौरव ने बताया कि वह अपने भाई राहुल को देखने वहां पहुंचा तो देखा कि राहुल की आंखें फूटी हुई थी और नाक-कानों से खून बह रहा था। उसके शरीर पर टी शर्ट भी नहीं थी और गर्दन मुड़ी हुई थी। देखते ही देखते मोहल्ले में शोर मच गया और भारी संख्या में लोग वहां जुट गए। सूचना मिलते ही बराड़ा थाना प्रभारी रामकरण, बराड़ा चौकी प्रभारी जयपाल व उनकी टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएम अस्पताल मुलाना में भिजवाया गया। गौरव ने बताया कि राहुल उसका सबसे छोटा भाई था जो मजदूरी करता था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। गौरव बराड़ा नगरपालिका में काम करता है। 

इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वही पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। बराड़ा थाना प्रभारी रामकरण ने बताया कि गौरव की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में आगामी जांच जारी है।