बसताड़ा टोल प्लाजा हुआ बैरियर-फ्री: बिना रुके कटेगा टोल, जानें खास बातें

हरियाणा का पहला बैरियर-फ्री बसताड़ा टोल प्लाजा! अब बिना रुके वाहन पार कर सकेंगे टोल, फास्टैग से कटेगा शुल्क। जानें नई MLFF तकनीक और इसके फायदे।

 
फास्टैग टोल प्लाजा

करनाल : राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा मंगलवार से बैरियर फ्री हो जाएगा। हरियाणा का पहला ऐसा टोल प्लाजा बन जाएगा, जहां मल्टी लेन फ्री फ्लो ( एमएलएफएफ) प्रणाली लागू हो जाएगी। इस अत्याधुनिक तकनीक के लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर लगे सभी बूम बैरियर और टोल बूथ समाप्त हो जाएंगे।

वाहन चालकों को टोल भुगतान के लिए रुकना नहीं पड़ेगा। वाहन सामान्य गति से टोल क्षेत्र को पार करेंगे और फास्टैग के माध्यम से टोल राशि कट जाएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के अधिकारियों के अनुसार इस नई व्यवस्था से वाहन चालकों का समय बचेगा, ईंधन की खपत कम होगी और टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। साथ ही टोल वसूली पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी होगी। एनएचएआइ अधिकारी प्रदीप मालिक ने अनुसार एमएलएफएफ एक बैरियर फ्री टोलिंग सिस्टम है। इसमें सड़क के ऊपर विशेष गैंट्री स्थापित की गई हैं, जिन पर एडवांस आटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे, आरएफआइडी रीडर, लाइडार सेंसर और एक्सल डिटेक्टर लगाए गए हैं। ये उपकरण वाहन की नंबर प्लेट पढ़ते हैं।

जानिये, मुख्य बातें

  • नई व्यवस्था लागू होने पर यहां कोई आइ कार्ड नहीं चलेगा।
  • केवल केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित श्रेणियों के वाहन, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, रक्षा सेवाओं के और अन्य अधिकृत वाहन ही छूट के पात्र।
  • मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को भी निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार काफिले में सीमित संख्या में वाहनों पर ही टोल मेंछूट मिलेगी।
  • कोई वाहन चालक नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करता है, नकली नंबर प्लेट लगाता है या बिना नंबर प्लेट के टोल क्षेत्र से गुजरता है तो कैमरे उस की गतिविधि रिकार्ड करेंगे। फिर उस पर आरटीओ व पुलिस कार्रवाई करेंगे।