बवानीखेड़ा: अतिक्रमण विवाद में कूदी सरपंच यूनियन, पीड़ितों के पुनर्वास के लिए सरकार से की मांग
बवानीखेड़ा में अतिक्रमण हटाने को लेकर जारी विवाद के बीच सरपंच यूनियन की बैठक। पीड़ित परिवारों के पुनर्विस्थापन की मांग और क्षेत्र में भाईचारा बनाए रखने पर बनी सहमति।
बवानीखेड़ा। अतिक्रमण हटाने के मामले को लेकर चल रहे विवाद के बीच क्षेत्र की सरपंच यूनियन भी सक्रिय हो गई है जिसमें पीड़ित परिवारों के पुनर्विस्थापन की मांग को लेकर सरकार तक बात पहुंचाने पर सहमति बनी। सोमवार को स्थानीय विश्राम गृह में तीन दर्जन से अधिक सरपंचों की बैठक आयोजित की गई जिसमें अतिक्रमण पीड़ितों और विधायक के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पीड़ित परिवारों के पुनर्विस्थापन की मांग सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। सरपंच यूनियन के प्रधान सचिन सरदाना ने कहा कि अतिक्रमण का मुद्दा कुछ विपक्षी दलों द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए उठाया जा रहा है जबकि पीड़ित परिवारों को पहले ही उचित आश्वासन दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यूनियन पीड़ितों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेगी और क्षेत्र में भाईचारा बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। सरपंच बबलू मिलकपुर ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों का समाधान आपसी बातचीत और सहमति से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूनियन में सभी विचारधाराओं के लोग शामिल हैं और सभी का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखना है। इस अवसर पर सरपंच सतीश बड़सी, भूपसिंह, राजकुमार जमालपुर, राजेश सरपंच प्रतिनिधि तथा सुखपुरा के मंजीत उपस्थित रहे।

