बवानीखेड़ा: सिंचाई विभाग ने हटाई अवरोधक दीवार, किसानों को मिली राहत
बवानीखेड़ा। सिंचाई विभाग ने मंगलवार को बवानीखेड़ा माइनर में बनी अवरोधक दीवार हटाकर पानी का प्रवाह सुचारु करने की कार्रवाई की। लंबे समय से दीवार के कारण नहर के पानी के प्रवाह में बाधा उत्पन्न हो रही थी जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। विभाग की कार्रवाई के बाद किसानों ने राहत की सांस ली और अब पानी की निर्बाध आपूर्ति की उम्मीद जताई है।
सिंचाई विभाग की टीम ने आवश्यक मशीनरी और कर्मचारियों की मदद से मौके पर अवरोधक दीवार हटाने का कार्य पूरा किया। किसानों संजय, संदीप कौशिक, सुरेश पाराशर, जनार्दन, धर्मबीर यादव और लाला माली ने बताया कि इस समस्या को लेकर विभाग के समक्ष लगातार मांग उठाई जा रही थी। विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने से किसानों में संतोष का माहौल है।
किसानों ने कहा कि खरीफ फसलों के लिए इस समय नहर का पानी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि समय पर और पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध होगा तो धान, बाजरा, कपास तथा अन्य फसलों की सिंचाई सुचारु रूप से हो सकेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी नहरों और माइनरों का नियमित रखरखाव किया जाएगा ताकि सिंचाई व्यवस्था निर्बाध बनी रहे। कार्रवाई के दौरान विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे तथा पूरे कार्य की निगरानी करते रहे। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के जेई राहुल छिल्लर, जेई राकेश और बेलदार प्रहलाद सिंह उपस्थित रहे।

