बवानीखेड़ा: करोड़ों की लागत से बनेगा नवनिर्मित पार्क; अवैध मकानों पर चला पीला पंजा

बवानीखेड़ा में खेड़ी दौलतपुर मार्ग पर प्रस्तावित पार्क की जमीन से नपा प्रशासन ने 6 से अधिक अवैध मकान हटाए। करोड़ों की लागत से विकसित होगा दार्शनिक स्थल।

 
बवानीखेड़ा न्यूज़

बवानीखेड़ा। कस्बे में करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले नवनिर्मित पार्क की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए मकानों को नगर पालिका प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने मंगलवार दोपहर बाद हटाया। कार्रवाई के दौरान पार्क क्षेत्र में बने छह से अधिक अवैध मकानों को हटाया गया।

नगर पालिका सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि खेड़ी दौलतपुर मार्ग के पास सरकार द्वारा दार्शनिक स्थल के रूप में पार्क का निर्माण किया जा रहा है जिसके लिए राज्य सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की ग्रांट स्वीकृत की गई है। पार्क में विभिन्न प्रकार की लाइटें, पौधे व अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पार्क के लिए जमीन चिन्हित करने की जानकारी मांगी थी जिस पर नगर पालिका प्रशासन ने खेड़ी दौलतपुर मार्ग के पास स्थित अपनी भूमि को चिह्नित कर प्रस्ताव पारित करते हुए सरकार को भेजा था। इस भूमि पर पहले से कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर मकान बनाए गए थे जिनके हटाने के लिए उन्हें नोटिस जारी कर आग्रह भी किया गया था लेकिन उन्होंने कब्जा नहीं हटाया।

सचिव ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई जिसके बाद डीसी के आदेशानुसार पुलिस बल की मौजूदगी में नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा मंगलवार को अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई ताकि पार्क का निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।