बवानीखेड़ा: 5 गांवों के ग्रामीणों ने मांगी टोल टैक्स से छूट, विधायक ने DC से की बात

बवानीखेड़ा के बलियाली, पुर और लोहारी जाटू समेत 5 गांवों ने टोल टैक्स छूट के लिए विधायक को सौंपा ज्ञापन। 10KM के दायरे में आने वाले ग्रामीणों को राहत देने की मांग।

 
हरियाणा टोल नियम 10KM

बवानीखेड़ा। रेस्ट हाउस में विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि द्वारा लगाए गए जनता दरबार में टोल टैक्स छूट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बलियाली, पुर, रामूपुरा, सुई और लोहारी जाटू गांवों की पंचायतों व ग्रामीणों ने टोल टैक्स से छूट की मांग को लेकर विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव टोल प्लाजा से लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में आते हैं ऐसे में उन्हें टोल शुल्क से मुक्त किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि खेती-बाड़ी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए उन्हें बार-बार टोल पार करना पड़ता है जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार के नियमों के अनुसार 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय निवासियों को राहत मिलनी चाहिए लेकिन इसके बावजूद उनसे टोल वसूला जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक से मांग की कि वे इस मामले को गंभीरता से उठाकर संबंधित विभाग से बात करें और स्थानीय ग्रामीणों को टोल से छूट दिलवाएं।

इस पर विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने मौके पर ही भिवानी के डीसी साहिल गुप्ता से बातचीत की। डीसी ने मामले को लेकर मंगलवार को पंचायत प्रतिनिधियों को मिलने का समय दिया है ताकि समस्या का समाधान किया जा सके। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस मुद्दे को कई बार पहले भी उठाया जा चुका है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने कहा कि बामला टोल से खरक की दूरी करीब 10 किलोमीटर है और वहां के निवासियों से टोल नहीं लिया जाता। इसी तरह समान दूरी होने के बावजूद वहां छूट दी जा रही है, तो बलियाली, पुर, रामूपुरा, सुई और लोहारी जाटू गांवों के ग्रामीणों को भी टोल से मुक्त किया जाना चाहिए।

इस दौरान बवानीखेड़ा सरपंच एसोसिएशन के प्रधान, बलियाली के सरपंच सचिन सरदाना, लोहारी जाटू के सरपंच प्रतिनिधि मुकेश कुमार, पुर के सरपंच प्रतिनिधि अजय कुमार, सुई के सरपंच रवि कुमार दुलगच, सरदार गुरबक्श सिंह, सरदार अशोक सरदाना और सुनील जांगड़ा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।