बहल-पातवान मार्ग पर बारिश से खिसकी मिट्टी, सड़क धंसने का बढ़ा खतरा
बहल-पातवान मार्ग पर बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बहने से गड्ढा बन गया है। भारी वाहनों के गुजरने से सड़क धंसने और बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
बहल। बहल-पातवान मार्ग पर बारिश के पानी से सड़क के नीचे की मिट्टी बहने के कारण सड़क धंसने का खतरा पैदा हो गया है। बहल और पातवान गांव के बीच सड़क के एक हिस्से के नीचे बड़ी मात्रा में मिट्टी खिसक गई है, जिससे वहां खाई जैसी स्थिति बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो यह मार्ग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
बहल से हिसार को जोड़ने वाले इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद पानी का बहाव सड़क की ओर हो गया जिससे नीचे की मिट्टी बह गई। वर्तमान में सड़क ऊपर से सामान्य दिखाई दे रही है लेकिन नीचे का हिस्सा कमजोर हो चुका है। भारी वाहनों के गुजरने से सड़क धंसने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार रात के समय खतरा अधिक रहता है क्योंकि अंधेरे में वाहन चालकों को क्षतिग्रस्त हिस्से का पता नहीं चल पाता। ग्रामीण मान सिंह, जय सिंह और रामकिशन ने बताया कि यह मार्ग बहल, झुप्पा सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। इस मार्ग से स्कूल बसों, निजी वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, ट्रकों और अन्य भारी वाहनों का आवागमन रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से पर अभी तक लोक निर्माण विभाग की ओर से न तो सुरक्षा बैरिकेड लगाए गए हैं और न ही मरम्मत कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि सड़क की जांच कराकर जल्द मरम्मत कराई जाए तथा तब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके। मुझे अभी तक इस बारे में जानकारी नहीं है। मिट्टी कटाव के बारे में पता करवाया जाएगा अगर वहां ऐसी स्थिति है तो उसे जल्द से जल्द सही करवा दिया जाएगा।

