Bhiwani Bank of Baroda Fire: भिवानी में बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर रखे जनरेटर में लगी भीषण आग, ग्राहकों और स्टाफ में मचा हड़कंप

भिवानी में बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर जनरेटर में लगी आग। धुएं और लपटों से घिरी बैंक शाखा, दमकल टीम ने पाया काबू।
 
Bhiwani fire brigade news

भिवानी। हांसी गेट सर्कुलर रोड पर बुधवार दोपहर बाद करीब तीन बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के गेट के आगे फुटपाथ पर रखे जनरेटर में अचानक आग लग गई। लपटों और धुएं के कारण बैंक शाखा का गेट घिर गया और अंदर मौजूद स्टाफ व ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई।

लपटों और धुएं की वजह से बैंक के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं आ पा रहे थे। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची और जनरेटर में लगी आग पर काबू पाने के लिए काफी देर तक मशक्कत की। जनरेटर के समीप बिजली का ट्रांसफार्मर भी था। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से ट्रांसफार्मर बच गया।

प्रत्यक्षदर्शी अश्वनी और मनोज ने बताया कि जनरेटर के अंदर से अचानक आग की लपटें और धुआं निकलते देख फुटपाथ पर वाहन खड़े करने वाले लोग अपने वाहन दूर ले जाने लगे। बैंक के बार्ड ने जनरेटर में आग लगने की सूचना बैंक अधिकारियों को दी। इसके बाद दमकल को बुलाया गया। जनरेटर में आग किस कारण से लगी इसका खुलासा नहीं हो पाया।

फुटपाथ पर रखे जनरेटर में आग लगने के बाद एक तरफ का रास्ता भी बंद कर दिया गया और तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। दमकल कर्मी करीब एक घंटे तक आग बुझाने में जुटे रहे। करीब एक घंटे बाद जनरेटर की आग पूरी तरह शांत हुई। इसके बाद बैंककर्मियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।