Bhiwani Civil Hospital Orthodontics Clinic: अब भिवानी नागरिक अस्पताल में मुफ्त होगा टेढ़े-मेढ़े दांतों का इलाज, ब्रेसिज की सुविधा शुरू

चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल के कमरा नंबर 6 में ऑर्थोडॉन्टिक्स क्लीनिक शुरू। बच्चों के टेढ़े-मेढ़े दांतों का मुफ्त इलाज और ब्रेसिज की सुविधा उपलब्ध।
 
भिवानी समाचार हिंदी

भिवानी। चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल के कमरा नंबर छह में ऑर्थोडॉन्टिक्स क्लीनिक की सेवाएं शुरू हो गई हैं। सिविल सर्जन रघुवीर शांडिल्य ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है। अब टेढ़े-मेढ़े दांत यहीं सही हो सकेंगे।

डेंटल ओपीडी में यह नया ऑर्थोडॉन्टिक्स क्लीनिक शुरू किया गया है। इस सुविधा से स्थानीय लोगों को टेढ़े-मेढ़े दांतों को ठीक करने और ब्रेसिज लगवाने के लिए अब स्नातकोत्तर मेडिकल कॉलेज रोहतक या महंगे प्राइवेट क्लीनिकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सिविल सर्जन ने कहा कि प्राइवेट क्लीनिक में ऑर्थोडॉन्टिक्स का इलाज काफी महंगा होता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे इस ट्रीटमेंट से वंचित रह जाते थे। अब नागरिक अस्पताल में बिना किसी इंतजार के यह मुफ्त सुविधा मिल जाएगी।


विनोद पंवार ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में कोई वेटिंग लिस्ट नहीं है। बच्चों के टेढ़े-मेढ़े दांतों का इलाज पूरी तरह से निशुल्क किया जा रहा है। दांतों की सही शेप के लिए आमतौर पर बच्चों और किशोरों की सबसे सही उम्र 12 से 14 वर्ष होती है। यह सुविधा उन सभी के लिए है जिन्हें जटिल ओरल हेल्थ ट्रीटमेंट की आवश्यकता है।

परामर्श और आवश्यक दस्तावेज
इलाज के लिए जल्द से जल्द बंसीलाल नागरिक अस्पताल की पुरानी डेंटल ओपीडी के कमरा नंबर 6 एवं कमरा नंबर 25 में आकर डॉक्टर से परामर्श कर सकते हैं। सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के मुफ्त इलाज का लाभ लेने के लिए अपना आधार कार्ड या आयुष्मान कार्ड साथ जरूर रखें। इस अवसर पर विनी, लता पंवार, प्रीति, रीना, नवीन नैन सहित मेट्रन सरला, सुशीला, निशा, सेनेटरी इंटरसेप्टर सज्जन कुमार और स्वास्थ्य निरीक्षक जगदीश प्रसाद मौजूद रहे।