Bhiwani Paluwas Mod Attack: 1 मिनट, 50 लाठियां और 6 जगह फ्रैक्चर; भिवानी में छात्र पर हमले का खौफनाक CCTV फुटेज
भिवानी के पालुवास मोड़ पर BBA छात्र रुद्र पर हमलावरों ने 1 मिनट में 50 डंडे बरसाए। छात्र के दोनों हाथ-पैरों में 6 जगह फ्रैक्चर आए हैं, पुलिस जांच में जुटी है।
भिवानी। शहर के पालुवास मोड़ पर मंगलवार रात बाइक सवार BBA छात्र रुद्र पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। नीले रंग की कार में आए बदमाशों ने पहले छात्र की बाइक में सीधी टक्कर मारकर उसे गिराया और फिर सड़क पर ही उस पर डंडों व लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद इस खौफनाक वारदात में हमलावरों ने महज एक मिनट के भीतर रुद्र पर करीब 50 बार डंडे बरसाए। इस बर्बर हमले में छात्र के दोनों हाथों और पैरों में 6 जगह गंभीर फ्रैक्चर आए हैं तथा टखने पर भी गहरी चोट पहुंची है।
📞 'काम तमाम कर दिया'—हमलावरों ने वीडियो कॉल कर दी खबर: पुरानी रंजिश में वारदात को दिया अंजाम, पुलिस तलाश में जुटी
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने छात्र के पिता विनोद की शिकायत पर जींद निवासी हिमांशु, रोहतक के महम निवासी अंकित और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पिता का आरोप है कि करीब डेढ़ माह पहले उनके बड़े बेटे ध्रुव के दोस्तों का आरोपियों से विवाद हुआ था, उसी रंजिश के तहत रुद्र को निशाना बनाया गया। वारदात के बाद आरोपियों ने किसी को वीडियो कॉल करके कहा कि उन्होंने 'रुद्र का काम तमाम कर दिया है'। गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले भिवानी सिविल अस्पताल और फिर गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।