भिवानी: बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों ने किया सांसद-विधायक आवास का घेराव

भिवानी के बीरण गांव में बिजली किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने सांसद और विधायक के आवास का घेराव किया। 3 दिन का अल्टीमेटम देते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

 
भिवानी ग्रामीण बिजली समस्या

भिवानी। गांव बीरण में लंबे समय से बने बिजली संकट से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह और क्षेत्रीय विधायक के आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने मांगपत्र सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो महापंचायत बुलाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों के आंदोलन का नेतृत्व गांव बीरण के सरपंच सुल्तान सिंह ने किया। प्रदर्शन के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अपनी मांगों से संबंधित चेतावनी पत्र भी सौंपा। सरपंच सुल्तान सिंह और सरपंच प्रतिनिधि जोगेंद्र सिंह फौगाट ने कहा कि पिछले करीब दो महीनों से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भीषण गर्मी में बिजली विभाग कभी ओवरलोड तो कभी अन्य कारण बताकर लोगों को परेशान कर रहा है। अधिकारियों की ओर से स्थायी समाधान करने के बजाय केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। पूरे गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जगमग योजना के तहत 24 घंटे बिजली देने के जो वादे किए गए थे वे अब खोखले साबित हो रहे हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। इसी कारण ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रदर्शन के बाद सांसद ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि अगले तीन दिन में बिजली संकट का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो गांव बीरण में महापंचायत बुलाकर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर सरपंच सुल्तान सिंह, ओमप्रकाश सैनी, रामनिवास यादव, जयबीर, राजबीर, राजेंद्र, सुथार, राजेंद्र सैनी और राकेश मौजूद रहे।