Bhiwani News: जनता की आवाज सर्वोपरि, संगठन से विकास को मिलेगी गति- सांसद धर्मबीर सिंह

भिवानी भाजपा जिला कार्यालय में सांसद धर्मबीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित। विकास कार्यों और प्रशासनिक सुधारों पर चर्चा। विधायक घनश्याम सर्राफ भी रहे मौजूद।

 
BJP District Office Meeting Bhiwani

भिवानी। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है और संगठन व कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की अपेक्षाओं को समझकर विकास कार्यों को और अधिक गति दी जा सकती है। वे सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में मुख्य रूप से सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक और विधायक घनश्याम सर्राफ मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और क्षेत्र के विकास कार्यों तथा प्रशासनिक सुधारों को लेकर विस्तृत सुझाव लिए। सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि संगठन के माध्यम से जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं की सही जानकारी मिलती है जिससे विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलती है।

भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने संगठन की मजबूती और अंत्योदय की भावना पर बल देते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के अनुभवों और सुझावों को प्राथमिकता देती है। विधायक घनश्याम सर्राफ ने सरकार और संगठन के बीच मजबूत तालमेल की सराहना करते हुए कहा कि इसी समन्वय के चलते विकास कार्यों को गति मिल रही है और आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।