Bhiwani Chang Voter List Notice: गांव चांग के 1800 मतदाताओं को निर्वाचन आयोग का नोटिस, ग्रामीणों ने की यह बड़ी मांग

भिवानी के गांव चांग में कागजात का मिलान न होने पर निर्वाचन आयोग ने 1800 मतदाताओं को नोटिस जारी किया है। बवानीखेड़ा बुलाए जाने से ग्रामीण परेशान हैं।

 
भारत निर्वाचन आयोग हरियाणा समाचार

चांग। भारत निर्वाचन आयोग के एसआईआर विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद कागजात का ठीक से मिलान नहीं होने पर गांव चांग के नौ बूथों पर करीब 1800 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें बुजुर्गों के साथ युवा भी शामिल हैं। संबंधित मतदाताओं को सितंबर में बवानीखेड़ा जाकर अपने सही कागजात जमा कराने के लिए कहा गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि चांग से बवानीखेड़ा करीब 30 किलोमीटर दूर है। ऐसे में बुजुर्गों को आने-जाने में करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। गांव चांग में रविवार को बीएलओ ने घर-घर जाकर नोटिस देने का काम शुरू किया। बीएलओ हरिचंद और पंचायत सचिव सोनू ने बताया कि एसआईआर अभियान के तहत उन मतदाताओं को नोटिस दिए जा रहे हैं जिनके कागजात का अभियान के दौरान मिलान नहीं हो पाया है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं ताकि संबंधित मतदाता अपने कागजात का मिलान कर उन्हें जमा करा सकें।

गांव में ही कागजात जमा कराने की सुविधा की मांग
गांव चांग के ग्रामीण हट्टी सिंह, दीपक ढीगड़ा, पूर्व पंच रामकुमार और दलबीर रंगा ने बताया कि नौ बूथों पर करीब 1800 लोगों को नोटिस जारी हुए हैं। चांग से बवानीखेड़ा करीब 30 किलोमीटर दूर है। बुजुर्गों को भी नोटिस दिए गए हैं जिन्हें कागजात जमा कराने के लिए आने-जाने में करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि बुजुर्गों को गांव चांग में ही कागजात जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।