भिवानी बनेगा 'मिनी चंडीगढ़': मुख्य चौराहों पर लगेंगे म्यूजिक सिस्टम और LED स्क्रीन्स

भिवानी नगर परिषद की नई पहल: चंडीगढ़ की तर्ज पर मुख्य चौराहों पर बजेंगी मधुर धुनें और लगेंगे डिजिटल LED बोर्ड। स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के लिए मास्टर प्लान तैयार।

 
Municipal Council Bhiwani News

भिवानी। शहर के मुख्य चौराहों पर चंडीगढ़ की तर्ज पर म्यूजिक सिस्टम लगाए जाएंगे जिनसे मधुर धुनों के साथ नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की अपील की जाएगी। साथ ही सड़कों के डिवाइडर में नगर परिषद के पोल पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। योजना को नगर परिषद की हाउस बैठक में रखा जाएगा और स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। परिषद का मानना है कि इस पहल से स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग सुधारने में भी मदद मिलेगी।

नगर परिषद द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में 12 कचरा प्वाइंट समाप्त कर उन स्थानों को नया स्वरूप दिया गया है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन किया जा रहा है और घरों से कचरा लेने के साथ ऑटो टिप्पर के माध्यम से लोगों को शहर को स्वच्छ रखने तथा जगह-जगह कूड़ा न फेंकने की अपील की जा रही है। अब इसी क्रम में प्रमुख चौराहों पर म्यूजिक सिस्टम लगाने की योजना तैयार की गई है।


योजना के तहत रोहतक गेट स्थित महाराजा अग्रसेन चौक, महाराणा प्रताप चौक (हांसी गेट), पंडित नेकीराम शर्मा चौक (घंटाघर), लाला लाजपत राय चौक (वैश्य कॉलेज), सर छोटूराम चौक, महर्षि वाल्मीकि चौक, भगवान परशुराम चौक, शहीद भगत सिंह चौक और चंद्रशेखर आजाद चौक पर म्यूजिक सिस्टम लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इन सिस्टम पर मधुर धुन के साथ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की अपील सुनाई देगी और नगर परिषद की विशेष कल्याणकारी योजनाओं व कार्यों की जानकारी भी प्रसारित की जाएगी।


एलईडी को डिजिटल प्रचार-प्रसार का माध्यम बनाया जाएगा
नगर परिषद द्वारा शहर में सर्कुलर रोड, हांसी रोड, रोहतक रोड और अन्य मुख्य सड़कों के बीच डिवाइडर में लगे नगर परिषद के पोल पर एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना है। इन एलईडी को डिजिटल प्रचार-प्रसार का माध्यम बनाया जाएगा, जिससे शहर में अक्सर लगने वाले होर्डिंग और फ्लेक्स से निजात मिल सकेगी। इसके साथ ही बस क्यू शेल्टर के आसपास भी बड़ी स्क्रीन लगाने का प्रस्ताव है, जिन पर नगर परिषद के साथ-साथ सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रसारित की जाएगी। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।

शहर की भव्यता के लिए नगर परिषद चेयरपर्सन प्रीति और प्रतिनिधि एवं पार्षद भवानी प्रताप सिंह से विचार-विमर्श कर योजना तैयार की गई है। इस कार्य योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए इसे नगर परिषद के हाउस में रखा जाएगा। हाउस द्वारा योजना पर स्वीकृति की मुहर लगते ही कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। योजना में शहर के मुख्य चौराहों पर म्यूजिक सिस्टम और डिवाइडर व बस क्यू शेल्टर पर एलईडी स्क्रीन लगाना शामिल है।