Bhiwani Health Update: होली पर भिवानी नागरिक अस्पताल हाई अलर्ट पर; डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द, 24 घंटे तैनात रहेगी रैपिड रिस्पांस टीम

होली के मद्देनजर भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम। दुल्हेंडी पर डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर 'रैपिड रिस्पांस टीम' का गठन किया गया है। आपात विभाग में 3 शिफ्टों में तैनात रहेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर। सिंथेटिक रंगों से बचने की सलाह।

 
भिवानी न्यूज़ होली 2026

भिवानी। होली के त्योहार को देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। दुल्हेंडी पर चिकित्सकों के स्वीकृत अवकाश रद्द कर दिए गए हैं और सभी विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों व कर्मचारियों को मोबाइल फोन स्विच ऑफ न करने तथा अपना स्टेशन न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवान सिंह ने सिंथेटिक रंगों से सावधान रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि सिंथेटिक रंग हानिकारक होते हैं और इनका प्रयोग नहीं करना चाहिए। ये आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं और त्वचा पर भी दुष्प्रभाव डालते हैं। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक और ऑर्गेनिक रंग देखने में लगभग समान लगते हैं लेकिन प्रयोग करने पर अंतर स्पष्ट हो जाता है। सिंथेटिक रंग गहरे होते हैं और आसानी से नहीं उतरते जबकि ऑर्गेनिक रंग गहरी छाप नहीं छोड़ते और आसानी से साफ हो जाते हैं। दुल्हेंडी के दिन आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं।

दुल्हेंडी पर जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तीन शिफ्टों में तीन-तीन चिकित्सक तैनात किए गए हैं। वहीं विशेषज्ञ चिकित्सक की भी ड्यूटी लगाई गई है ताकि आपात स्थिति में वे अपनी सेवा दे सकें। 


ये है दुल्हेंडी के दिन आपात विभाग में ड्यूटी चार्ट
आपात विभाग में चार मार्च को तीन शिफ्टों में चिकित्सक ड्यूटी देंगे। इनमें सुबह की शिफ्ट में डॉ. मानसी, डॉ. विक्रम, डॉ. राकेश तैनात रहेंगे। जबकि शाम की शिफ्ट में डॉ. कोमल, डॉ. संजय, डॉ. राकेश धायल तैनात रहेंगे। इसी तरह रात्रि शिफ्ट में डॉ. पूजा, डॉ. संजय चौधरी, डॉ. अरविंद मलिक ड्यूटी देंगे।


ये हैं रैपिड रिस्पांस टीम में शामिल चिकित्सक
फिजिशियन - डॉ. यतीन गुप्ता
ऑर्थो सर्जन - डॉ. मनीष श्योराण
जनरल सर्जन - डॉ. रमेश लांबा
एनेस्थेटिस्ट - डॉ. नवीन घोष
नेत्र रोग विशेषज्ञ - डॉ. एडविन (कंसल्टेंट)
ईएनटी सर्जन - डॉ. शुभम महता
डेंटल सर्जन - डॉ. प्रीति
नेत्र रोग सहायक - डॉ. हरजीत सिंह