Bhiwani News: भिवानी नागरिक अस्पताल में 3 दिन से एक्सरे बंद, मरीज परेशान

भिवानी के चौधरी बंसीलाल अस्पताल में एक्सरे कक्ष की छत से पानी टपकने के कारण जांच ठप। रोजाना 300 मरीज वापस लौटने को मजबूर। निजी केंद्रों पर जेब ढीली कर रहे लोग।

 
मरीजों की परेशानी हरियाणा

भिवानी। चौधरी बंसीलाल जिला नागरिक अस्पताल में पिछले तीन दिन से एक्सरे जांच बंद होने के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जांच सुविधा बंद होने से मरीजों को मजबूरी में निजी केंद्रों से जांच करवानी पड़ रही है।

एक्सरे विभाग के ऊपर बने शौचालय से दूषित पानी रिसाव होकर कक्ष में आने लगा जिसके चलते मशीनों को हटाना पड़ा। इस वजह से पिछले तीन दिन से एक्सरे जांच बंद है। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 300 मरीज एक्सरे जांच के लिए पहुंचते हैं लेकिन सुविधा बंद होने के कारण अब निजी केंद्रों में 150 से 200 रुपये खर्च कर जांच करवानी पड़ रही है। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। मरीज संगीता, सुमेर सिंह और किरण ने बताया कि वे सोमवार को एक्सरे करवाने पहुंचे थे लेकिन स्टाफ ने जांच बंद होने का हवाला देकर उन्हें निजी केंद्रों पर जाने के लिए कह दिया। नागरिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि शौचालय से पानी रिसाव होकर एक्सरे कक्ष में गिर रहा था। इस समस्या का समाधान कराया जा रहा है। जल्द ही मरीजों के लिए एक्सरे जांच सुविधा फिर से शुरू कर दी जाएगी।