SP Mayank Mishra News 2026: भिवानी में आईजी हामिद अख्तर ने ली अपराध समीक्षा बैठक: नशा तस्करों व संगठित गिरोहों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

भिवानी में आईजी हामिद अख्तर ने की अपराध समीक्षा बैठक, नशा तस्करों व संगठित गिरोहों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश; पुलिस लाइन का भी निरीक्षण।
 
SP Mayank Mishra news

भिवानी। रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) हामिद अख्तर ने वीरवार को भिवानी में अपराध समीक्षा बैठक कर नशा तस्करों और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन में कानून व्यवस्था के लिए गठित पुलिस कंपनियों और NDPS अधिनियम के तहत जब्त माल का भी निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने IG का स्वागत किया। इसके बाद सलामी टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी। प्रशासनिक भवन में हुई बैठक में जिले के सभी DSP, थाना प्रबंधक, CIA स्टाफ और क्राइम यूनिट प्रभारी शामिल हुए। IG ने थानों में प्राप्त शिकायतों और दर्ज अभियोगों की समीक्षा कर उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

🚨 नशे, अवैध हथियारों और संगठित अपराध पर कसेगा शिकंजा

पुलिस महानिरीक्षक ने नशे के नेटवर्क पर अंकुश लगाने और तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। अवैध हथियार रखने वालों, आबकारी अधिनियम का उल्लंघन करने वालों तथा जुआ-सट्टा गतिविधियों में शामिल आरोपियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। क्राइम यूनिट प्रभारियों को वांछित, इनामी और संगठित गिरोह बनाकर अपराध करने वालों की पहचान कर उन पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

🚦 यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

IG ने बुलेट मोटरसाइकिलों में पटाखों जैसी आवाज करने वाले सायलेंसर लगाने, वाहनों पर ब्लैक फिल्म चढ़ाने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही नशा, साइबर अपराध और महिला अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर माह विशेष अभियान चलाने की बात कही।

🛡️ पुलिस कंपनियों की तैयारियों का लिया जायजा

अपराध समीक्षा बैठक के बाद IG ने पुलिस लाइन में NDPS अधिनियम के तहत जब्त माल मुकदमा का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को माल के उचित रखरखाव और नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद परेड ग्राउंड में कानून व्यवस्था के लिए गठित पुलिस कंपनियों की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।