Bhiwani News: बारिश के लिए ग्रामीणों ने प्राचीन शिव मंदिर में किया हवन, इंद्रदेव को मनाने की गुहार

भिवानी के गांव दांग खुर्द में अच्छी बारिश और सूखी फसलों के जीवनदान के लिए प्राचीन शिव मंदिर में विशेष हवन का आयोजन। ग्रामीणों ने की इंद्रदेव से प्रार्थना।
 
बारिश के लिए हवन

भिवानी। लंबे समय से बारिश नहीं होने से सूखी रही फसलों और भीषण गर्मी से परेशान ग्रामीण अब भगवान की शरण में पहुंच गए हैं। भिवानी जिले के गांव दांग खुर्द स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रविवार को अच्छी बारिश की कामना को लेकर हवन और धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ग्रामीणों ने पूर्ण आहुतियां डालकर क्षेत्र में खुशहाली, फसलों के नवजीवन और जल्द बारिश की प्रार्थना की। मंदिर के पुजारी पंडित मोहित बृजवासी ने बताया कि क्षेत्र में काफी समय से बारिश नहीं होने के कारण किसान और आमजन परेशान हैं। इंद्रदेव को प्रसन्न करने और क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना को लेकर मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन किया गया।

उन्होंने बताया कि हवन के बाद इंद्रदेव को भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं को मीठे चावल का प्रसाद वितरित किया गया। पुजारी ने कहा कि जब मानवीय प्रयास कम पड़ जाते हैं तो भक्ति और श्रद्धा ही लोगों का सहारा बनती है।

कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भगवान शिव और इंद्रदेव से प्रार्थना की कि जल्द से जल्द क्षेत्र में अमृतमयी वर्षा हो, जिससे फसलों को जीवन मिल सके और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिले। इस धार्मिक अवसर पर गांव के सरपंच राजेंद्र यादव, जुगता, दीपक, राजकुमार, कृष्ण, लालसिंह फौजी, संदीप और राममेहर सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ग्रामीणों ने हवन में आहुति डालकर सेवा कार्य में योगदान दिया और जल्द बारिश होने की उम्मीद जताई।