भिवानी: रजिस्ट्री प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को लेकर डीड राइटर्स लामबंद

डीड राइटर वेलफेयर एसोसिएशन ने रजिस्ट्री में आ रही तकनीकी बाधाओं पर जताई चिंता। क्लर्कों द्वारा रजिस्ट्री रिजेक्ट करने के खिलाफ रिव्यू कमेटी की मांग।

 
भिवानी प्रॉपर्टी रजिस्ट्री नियम

भिवानी। डीड राइटर वेलफेयर एसोसिएशन ने पेपरलेस रजिस्ट्री प्रक्रिया में रजिस्ट्री लेखकों और प्रदेश के निवासियों को आ रही समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है। भिवानी में आयोजित एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय बैठक में रजिस्ट्री क्लर्कों द्वारा रजिस्ट्री को रिवर्ट और रिजेक्ट किए जाने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता डीड राइटर वेलफेयर एसोसिएशन के राज्य प्रधान प्रदीप कुमार शर्मा ने की। बैठक में हरियाणा सरकार के आदेश के बाद नगर निगम द्वारा स्वामित्व प्रमाण पत्र के आधार पर रजिस्ट्री नहीं करने, फ्लोर वाइज रजिस्ट्री नहीं करने, पुरानी इमारतों पर निर्माण कीमत में रिबेट नहीं दिए जाने तथा रिवर्ट एज पर एप्लीकेशन रिक्वेस्ट लगाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि कई मामलों में प्रार्थी की ओर से कोई रिक्वेस्ट नहीं दिए जाने के बावजूद रिवर्ट एज पर एप्लीकेशन रिक्वेस्ट जैसे एतराज लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस प्रकार के एतराज लगाने वाले रजिस्ट्री क्लर्कों की समीक्षा के लिए रिव्यू कमेटी गठित की जाए और जांच के बाद संबंधित कार्रवाई की जाए।

बैठक में एसोसिएशन ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए व्यवहारिक समस्याओं का समाधान जरूरी है ताकि आमजन और रजिस्ट्री लेखकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर भिवानी के घनश्याम दास डुडेजा, जगदीश सचदेवा, राम अवतार वर्मा, हरदयाल महता, ओम प्रकाश बिड़ला, जगत अरोड़ा, रविंद्र मेहता सहित हरियाणा डीड राइटर वेलफेयर एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य भूपिंद्र सिंह, चंचल सिंह और बरखा राम सैनी मौजूद रहे।