भिवानी बिजली संकट: सेक्टर निवासियों का प्रदर्शन, 1 हफ्ते का अल्टीमेटम

भिवानी के सेक्टर-13, 23 और ईडब्ल्यूएस में बिजली कटौती से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया। विभाग ने 1 सप्ताह में व्यवस्था सुधारने का लिखित आश्वासन दिया।

 
अघोषित बिजली कटौती

भिवानी: सेक्टर-13, न्यू हाउसिंग बोर्ड, ईडब्ल्यूएस और सेक्टर-23 में लगातार गहराते बिजली संकट को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है. बार-बार होने वाले फॉल्ट, कम वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से परेशान नागरिकों ने नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा के नेतृत्व में सोमवार को सेक्टर-13 स्थित 33 केवी बिजली सब-स्टेशन पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. विभाग के उपमंडल अभियंता (एसडीओ) अंकित ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया और एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने का लिखित आश्वासन दिया. इस पूरे मामले पर नगर परिषद भिवानी के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा ने दोटूक शब्दों में विभाग और प्रशासन को चेतावनी दी है.

बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान हो: इस मौके पर भिवानी नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा ने कहा कि "सेक्टरवासी विभाग के साथ कोई टकराव नहीं चाहते, हम केवल अपनी बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान चाहते हैं. भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में बार-बार बिजली गुल होना, ढीले तारों के कारण फॉल्ट होना और कम वोल्टेज आना नागरिकों के साथ अन्याय है." उन्होंने बताया कि "सेक्टरवासियों द्वारा 19 जून को ही अधीक्षक अभियंता और उपायुक्त को मिलकर मांग-पत्र सौंप दिया था."

अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनीः उपायुक्त ने तुरंत कार्रवाई के आदेश भी दिए थे, लेकिन जमीन पर कोई सुधार नहीं दिखा, जिससे मजबूर होकर 6 जुलाई को धरने के चेतावनी दी थी और वे आज धरना देने के लिए मौके पर पहुंचे. इस दौरान एसडीओ अंकित ने मौके पर पहुंचे लोगों से एक सप्ताह का समय मांगा है. उन्होंने कहा कि "फिलहाल धरने को टाल दिया गया, लेकिन 7 दिनों के भीतर जर्जर तार बदलने, पेड़ों की छंटाई और तकनीकी स्टाफ की कमी जैसी मुख्य मांगों पर काम पूरा नहीं हुआ, तो अगले सप्ताह से क्षेत्रवासी कम्युनिटी सेंटर या सब-स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे."

विद्युत उपकरणों की नियमित सर्विसिंग की मांगः विजय पंचगावा ने कहा कि "उनकी मांगों में पूरे क्षेत्र में लटके हुए और जर्जर हो चुके बिजली के तारों को तुरंत बदला जाए ताकि आए दिन होने वाले शॉर्ट-सर्किट और फॉल्ट से निजात मिल सके. बिजली लाइनों के नीचे और उनके आसपास फैले पेड़ों की टहनियों की नियमित छंटाई की जाए, जो अक्सर तेज हवा या बारिश में फॉल्ट का कारण बनती हैं. सब-स्टेशन पर पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति हो और इस बड़े क्षेत्र के लिए एक अलग बिजली बीट बनाई जाए ताकि शिकायतों का निपटारा जल्दी हो सके. सब-स्टेशन और ट्रांसफार्मर जैसे विद्युत उपकरणों की नियमित सर्विसिंग (मेंटेनेंस) सुनिश्चित की जाए. बिजली कटने या फॉल्ट होने पर उपभोक्ताओं को इसकी वजह और बिजली वापस आने के संभावित समय की सटीक जानकारी दी जाए, आदि है."

कट खोलने की मांगः वहीं दूसरी तरफ प्रतिनिधिमंडल ने अंबेडकर पार्क से सिटी स्टेशन तक के मार्ग के बीच में लगे करब (डिवाइडर के पत्थर) को हटाकर कट खोलने और वहां एक मिनी चौक बनाने का आश्वासन देने पर हुडा प्रशासक सुशील कुमार और एक्सईन भूपेंद्र सिंह का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया. नागरिकों का कहना है कि इस कट और मिनी चौक के बनने से क्षेत्र के ट्रैफिक और आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.

एक सप्ताह के भीतर प्रमुख मांगों पर कार्रवाई का आश्वासनः प्रदर्शनकारियों को शांत करने पहुंचे अधीक्षक अभियंता के प्रतिनिधि एवं उपमंडल अभियंता अंकित ने माना कि क्षेत्र में मेंटेनेंस की जरूरत है. उन्होंने सेक्टरवासियों को आश्वस्त किया कि "उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार आवश्यक मरम्मत और रखरखाव का काम आज से ही शुरू कर दिया जा रहा है." उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर सभी प्रमुख और जायज मांगों पर कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू हो सके.