भिवानी: फुटपाथ के अवैध खोखों में लगे बिजली मीटर, समाधान शिविर में फूटा गुस्सा
भिवानी में नियमों की धज्जियां! फुटपाथ पर रखे अवैध खोखों को मिले बिजली कनेक्शन। पार्षद ने समाधान शिविर में उठाया मुद्दा। दिनोद रोड ओवरब्रिज की स्ट्रीट लाइट का भी मामला।
भिवानी। शहर में फुटपाथ पर बढ़ते अवैध कब्जों के सामने नगर परिषद की कार्रवाई लाचार नजर आ रही है। हालात यह हैं कि फुटपाथ पर रखे अवैध खोखों में ही बिजली निगम द्वारा मीटर लगाए जाने का मामला सामने आया है जिससे नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। यह मुद्दा सोमवार को समाधान शिविर में पार्षद प्रतिनिधि अनिल कुमार ने अधिकारियों के समक्ष उठाया, जिस पर अधिकारी भी हैरान रह गए।वार्ड 18 के पार्षद प्रतिनिधि अनिल कुमार ने शिकायत में बताया कि रोहतक गेट की ढाणी कृपाराम गली के अंदर अवैध रूप से खोखे रखे गए हैं जिन पर निगम की ओर से मीटर कनेक्शन जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद पूरे शहर में कहीं भी तहबजारी नहीं ले रही इसके बावजूद फुटपाथ और मुख्य गली में रखे इन खोखों के कारण कॉलोनी का रास्ता बाधित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि कॉलोनी के लोगों द्वारा विरोध करने पर झगड़ा और धमकियां दी जाती हैं। इन अवैध खोखों में बीड़ी, सिगरेट, पान-गुटखा बेचा जा रहा है। आसपास शिक्षण संस्थान होने के कारण किशोर भी नशे की लत की चपेट में आ रहे हैं।
दुकानों के आगे सजा दिया अवैध बाजार, वसूल रहे पांच से दस हजार किराया समाधान शिविर में दी शिकायत में अनिल कुमार ने बताया कि रोहतक गेट स्थित देवीलाल सदन के समीप पूरी मार्केट के दुकानदारों ने दुकानों के आगे करीब 20 फीट तक शेड लगाकर फुटपाथ पर स्थायी कब्जा कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानों के आगे फुटपाथ पर अवैध बाजार सजा दिया गया है और इसके बदले दुकानदार पांच से दस हजार रुपये मासिक किराया वसूल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि नगर परिषद अधिकारी तत्परता से कार्रवाई करते हुए फुटपाथ से रेहड़ी और अवैध शेड हटवाकर जगह खाली कराएं ताकि आवागमन बाधित न हो और पार्किंग की समस्या भी न बने।
दिनोद रोड रेलवे ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइट के लिए पीडब्ल्यूडी लगाएगा मीटर समाधान शिविर में दी गई शिकायत पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दिनोद रोड रेलवे ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइट संचालन के लिए पीडब्ल्यूडी जल्द से जल्द मीटर लगवाए। पार्षद प्रतिनिधि अनिल कुमार ने बताया कि पिछले करीब तीन माह से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी के बीच नए कनेक्शन को लेकर आपसी तालमेल न होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि यह मामला पहले भी समाधान शिविर में उठाया जा चुका है लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया था।

