Bhiwani Safai Karamchari Strike: भिवानी, लोहारू और बवानीखेड़ा में कूड़े का अंबार, नगर परिषद कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी

भिवानी में नगर परिषद के 550 सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से 1800 टन कूड़ा जमा। दादरी गेट डंपिंग यार्ड बंद होने से सड़कें बदहाल।
 
भिवानी नगर परिषद न्यूज

भिवानी। शहर के दादरी गेट स्थित डंपिंग यार्ड पर पिछले आठ दिन से ताला लटका होने के कारण कचरा प्वाइंटों से 200 मीटर की परिधि तक कूड़ा फैल गया है। शहर में करीब 1800 टन कचरा जमा होने से कई मुख्य मार्गों पर कूड़े के ऊपर से ही वाहनों की आवाजाही हो रही है।

इस कारण बदबू और प्रदूषण बढ़ रहा है। नगर परिषद के सफाई कर्मचारी पिछले 12 दिनों से हड़ताल पर हैं और पिछले आठ दिन से कूड़ा उठान करने वाले कर्मचारी भी काम बंद कर हड़ताल पर हैं। जिला प्रशासन की ओर से कूड़ा उठान की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।

नगर परिषद सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता पुरुषोत्तम दानव ने बताया कि लंबित मांगों को लेकर सरकार के साथ दो बार हुई वार्ता विफल रही है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 18 अगस्त दोपहर 12 बजे तक है।

इस अवधि में भी सरकार नहीं चेती तो हड़ताल आगे जारी रहेगी। नगर परिषद की हड़ताल के कारण लोहारू, बवानीखेड़ा और भिवानी में लगातार कूड़ा फैलने से स्थिति बिगड़ रही है। कस्बे और शहर कूड़े के ढेर में बदल चुके हैं और चारों तरफ बदबू का आलम है।

भिवानी, बवानीखेड़ा और लोहारू में 550 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर : नगर परिषद के भिवानी, बवानीखेड़ा और लोहारू में करीब 550 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इनके समर्थन में दमकल कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं।

अग्निशमन केंद्रों पर दमकल कर्मचारियों की हड़ताल के विकल्प के तौर पर रोडवेज के चालक और होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के विकल्प में कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही है।