Haryana Bajra Procurement: डीसी साहिल गुप्ता ने किया अनाज मंडी का दौरा, तिरपाल से फसल ढकने के दिए निर्देश
भिवानी की नई अनाज मंडी में हल्की बूंदाबांदी से खुले में पड़ा बाजरा भीग गया है। डीसी साहिल गुप्ता ने मंडी का दौरा कर फसल को ढकने के निर्देश दिए हैं।
भिवानी। जिले में हुई हल्की बूंदाबांदी ने जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण मंडियों में फसल खरीद के इंतजामों की पोल खोल दी है। गुरुवार सुबह हुई बूंदाबांदी के कारण नई अनाज मंडी में खुले आसमान के नीचे पड़ी बाजरे की ढेरियां भीग गईं। ढेरियों के आसपास पानी जमा होने से बाजरे में नमी की मात्रा बढ़ने की पूरी आशंका है, जिसके कारण अब किसानों को अपनी फसल बेचने से पहले दोबारा सुखानी पड़ेगी। नई अनाज मंडी में अब तक 1,14,420 क्विंटल बाजरे की आवक हो चुकी है, जिसमें से 62,620 क्विंटल की खरीद हो चुकी है, लेकिन अभी भी करीब 55 हजार क्विंटल बाजरा खुले में पड़ा हुआ है।
🌾 एमएसपी और निजी भाव में अंतर, डीसी ने दिए बाजरे को तिरपाल से ढकने और पुख्ता इंतजाम के निर्देश
बाजार में किसानों को निजी खरीद पर 2300 से 2450 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिल रहा है, जबकि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2900 रुपये तय किया है। भावांतर भरपाई योजना के तहत 600 रुपये प्रति क्विंटल मिलने हैं, लेकिन डेटा मिसमैच के सत्यापन के बाद भी किसान भुगतान के इंतजार में हैं। हालात का जायजा लेने डीसी साहिल गुप्ता गुरुवार को अचानक नई अनाज मंडी पहुंचे। उन्होंने बारिश के बीच खरीद व्यवस्था का मुआयना किया और मंडी प्रधान नरेश भूरू से फीडबैक लिया। डीसी ने मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान और एसडीएम महेश कुमार की मौजूदगी में अधिकारियों को निर्देश दिए कि खुले में पड़े बाजरे को तुरंत तिरपाल से ढका जाए और किसानों को मंडी में कोई असुविधा न हो।