भिवानी: खुले नाले में गिरा मासूम, प्रशासन की लापरवाही पर पार्षद का विरोध

भिवानी के हनुमान गेट इलाके में खुले नाले में गिरा बच्चा, लोगों ने बचाई जान। पार्षद विनोद प्रजापति ने प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप।
 
समाधान शिविर भिवानी

भिवानी। हनुमान गेट क्षेत्र में खुले नाले में रविवार शाम एक मासूम बच्चा गिर गया जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया। समाधान शिविर में शिकायत देने के बाद भी नालों की सफाई नहीं होने पर वार्ड-25 के पार्षद विनोद प्रजापति ने विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद प्रशासन ने केवल खानापूर्ति की और नाले अब भी खुले पड़े हैं।

पार्षद विनोद प्रजापति ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले उन्होंने समाधान शिविर में हनुमान गेट क्षेत्र के नालों की सफाई और उनकी सुध लेने की मांग उठाई थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने केवल औपचारिकता निभाई और समस्या का समाधान नहीं किया। उन्होंने बताया कि रविवार शाम खुले नाले में एक मासूम बच्चा अचानक गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया। समय रहते बच्चे को नहीं निकाला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पार्षद ने कहा कि नालों की सफाई नहीं होने से राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों का यहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में महामारी फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। इस दौरान उनके साथ सूबे सिंह, विकास, आनंद, फकीरचंद, मा. कालिया और सोनू मौजूद रहे।