Waterlogging Damaged Drains Updates: कीचड़ और गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर स्कूली बच्चे व श्रद्धालु, प्रदर्शन की चेतावनी

भिवानी के हरजीकान चौक पर नाले की गाद व गंदगी सड़क पर छोड़ने से दुर्गंध व कीचड़ फैला है। लोगों ने नगर परिषद से जल्द समाधान की मांग की है।
 
Haryana news today Hindi

भिवानी: मनान पाना स्थित हरजीकान चौक पर नाले की सफाई के बाद गाद और गंदगी सड़क पर छोड़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नगर परिषद की लापरवाही के चलते पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और राहगीरों का यहां से गुजरना दूभर हो गया है।

हरजीकान चौक क्षेत्र का प्रमुख और व्यस्त चौराहा है, जहां पांच से छह प्रमुख गलियां आकर मिलती हैं। यह किरोड़ी मंदिर से हालु बाजार को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी है। रोजाना यहां से विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों बच्चे गुजरते हैं, जिन्हें गंदगी और कीचड़ के बीच से निकलना पड़ता है। जोगीवाला मंदिर, खाकी बाबा मंदिर और अखाड़ा वाला मंदिर जाने वाली महिलाओं व श्रद्धालुओं को भी इसी रास्ते से परेशानी उठाकर गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी जयप्रकाश और प्रदीप मिश्रा ने बताया कि कई महीनों के इंतजार के बाद नाले की सफाई होने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन सफाई कर्मचारियों ने गाद और गंदगी उठाने के बजाय मुख्य चौराहे पर ही फैला दी। इससे समस्या कम होने के बजाय और गंभीर हो गई है। दुर्गंध के कारण घरों में बैठना तक मुश्किल हो रहा है।

💧 क्षतिग्रस्त नालों की मरम्मत नहीं; सड़कों पर बह रहा गंदा पानी

स्थानीय निवासी नरेश, राजा और मुन्ना ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में कई नाले क्षतिग्रस्त हैं, जिनकी मरम्मत नहीं कराई जा रही। इसके चलते गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। चेयरपर्सन प्रतिनिधि से बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि लोगों के स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी कर रहे हैं।

क्षेत्रवासी ताराबाई और निहाल ने बताया कि चौक कई मंदिरों और बाजार को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। सुबह-शाम पूजा-अर्चना के लिए जाने वाली महिलाओं और छोटे स्कूली बच्चों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से चौक पर फैली गंदगी को तत्काल उठवाने और क्षतिग्रस्त नालों की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।