भिवानी: छात्राओं की शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं- मीना परमार

हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने भिवानी के कन्या विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं को गुड-बैड टच की जानकारी दी और निडर रहने को कहा।

 
women safety Haryana schools

भिवानी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना परमार ने शनिवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए कहा कि छात्राओं की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने घंटाघर चौक के नजदीक और शहीद भगत सिंह चौक स्थित विद्यालयों का दौरा कर आंतरिक शिकायत निवारण समितियों की कार्रवाई की जानकारी ली और स्कूल प्राचार्यों को निर्देश दिए कि छात्राओं की ओर से आने वाली किसी भी शिकायत पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान मीना परमार ने कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना और उन्हें मेहनत के साथ लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को किसी भी प्रकार से घबराने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। हरियाणा महिला आयोग हमेशा छात्राओं के साथ खड़ा है और उनके हितों पर कभी आंच नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि यदि उनके साथ किसी भी स्तर पर कोई गलत व्यवहार होता है तो वे उसका विरोध करें। छात्राओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गलत कार्य का विरोध करने में किसी प्रकार की हिचकिचाहट या शर्म महसूस नहीं करनी चाहिए और हमेशा निडर रहना चाहिए।

पढ़ाई में नहीं आनी चाहिए परेशानी
मीना परमार ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि छात्राओं की पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आयोग के पास किसी भी प्रकार की शिकायत पहुंचती है तो उस पर कड़ा संज्ञान लिया जाएगा।