Bhiwani News: गर्मी बढ़ते ही पेट के संक्रमण का हमला, ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़
भिवानी में तापमान 36 डिग्री पहुँचते ही उल्टी-दस्त और पेट संक्रमण के मामले बढ़े। डॉ. यतिन गुप्ता ने दी सावधानी बरतने की सलाह। ओपीडी में रोज़ाना आ रहे 400 मरीज़।
भिवानी। मौसम में बदलाव और बढ़ते तापमान के बीच शहर में उल्टी-दस्त, पेट संक्रमण और मुंह के छालों के मामले बढ़ गए हैं जिसको लेकर चिकित्सकों ने आमजन के लिए सावधानी संबंधी हिदायत जारी की है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिससे स्वास्थ्य समस्याओं में इजाफा देखा जा रहा है।
शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि मौसम परिवर्तन का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों में ओपीडी में उल्टी और दस्त की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि तापमान में बदलाव के कारण मच्छर अधिक सक्रिय हो गए हैं जिससे जल स्रोत संक्रमित हो रहे हैं। दूषित खानपान और पानी के सेवन से लोग वायरल और बैक्टीरियल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। डॉ. गुप्ता ने आमजन को सलाह दी कि पीने के पानी को अच्छी तरह उबालकर ठंडा करके ही उपयोग करें। खुले खाद्य पदार्थों और कटे हुए फलों का सेवन न करें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें या मच्छरों से बचाव के अन्य उपाय अपनाएं।
उन्होंने कहा कि उल्टी या दस्त होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और ओआरएस का घोल लेते रहें। साथ ही शरीर में पानी की कमी से बचाव के लिए प्राकृतिक जूस का सेवन करें ताकि डिहाइड्रेशन की समस्या न हो।
ओपीडी में आ रहे रोजाना 350-400 मरीज, 80 में पेट संक्रमण व उल्टी-दस्त की शिकायत। शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल के ओपीडी विभाग में सामान्य रोग विशेषज्ञ के पास प्रतिदिन औसतन 350 से 400 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें से रोजाना औसतन 80 मरीज पेट में संक्रमण, उल्टी, दस्त और मुंह में छालों की शिकायत लेकर आ रहे हैं।

