भिवानी इंडस्ट्रियल सेक्टर में 2 दमकल फिलिंग स्टेशन शुरू, 5 मिनट में भरेगी गाड़ी

भिवानी के सेक्टर 21 और 26 की 450 औद्योगिक इकाइयों को बड़ी राहत। आग बुझाने के लिए अब 5 मिनट में रीफिल होंगी दमकल गाड़ियाँ। जिला उद्योग संघ की नई पहल।

 
भिवानी फैक्ट्री फायर सेफ्टी

भिवानी। औद्योगिक सेक्टर 21 में अब दमकल गाड़ियों के लिए दो फिलिंग स्टेशन शुरू किए गए हैं जिनके जरिए आग की घटनाओं पर तेजी से काबू पाने में मदद मिलेगी। यह व्यवस्था जिला उद्योग संघ भिवानी की ओर से की गई है जिसका उद्देश्य आग लगने की स्थिति में दमकल वाहनों को जल्द से जल्द रीफिल कर घटनास्थल पर दोबारा भेजना है।

फसल कटाई और गर्मी की शुरुआत में आमतौर पर आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। भिवानी के औद्योगिक सेक्टर 21 और 26 में व्यावसायिक इकाइयों पर भी आग का सबसे अधिक खतरा बना रहता है। ऐसे में जिला उद्योग संघ की यह पहल न केवल आग पर समय रहते काबू पाने में कारगर होगी बल्कि आसपास के गांवों और शहर के बड़े हिस्से को भी इसका लाभ मिलेगा।

दरअसल जिला उद्योग संघ भिवानी की तरफ से औद्योगिक सेक्टर 21 में दो बोरवेल लगाए गए हैं जिनके जरिए दमकल गाड़ी को मात्र पांच मिनट में रीफिल करना संभव हो पाएगा। औद्योगिक इकाइयों में आग की बड़ी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पिछले वर्ष चिनार फैब्रिक में भीषण आग से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था। यह आग लगातार चार दिनों तक सुलगती रही थी। ऐसे में दमकल गाड़ियों को दोबारा रीफिल करना एक बड़ी चुनौती बन जाता है क्योंकि औद्योगिक सेक्टरों से जिला दमकल कार्यालय की दूरी भी करीब तीन से चार किलोमीटर है। इस कारण दमकल वाहनों को दोबारा घटनास्थल पर पहुंचने में समय लग जाता है। लेकिन औद्योगिक सेक्टर 21 में बनाए गए दमकल फिलिंग स्टेशन के जरिए मात्र पांच मिनट में दमकल गाड़ी को दोबारा भरना संभव हो पाएगा।

ये इलाके होंगे लाभान्वित
दमकल फिलिंग स्टेशन से औद्योगिक सेक्टर 21 और 26 की करीब साढ़े चार सौ से अधिक औद्योगिक इकाइयों के अलावा शहर की विकास नगर कॉलोनी, भारत नगर कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, गांव पालुवास, नौरंगाबाद और बामला को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

औद्योगिक सेक्टर 21 में लगाए गए सबमर्सिबल में फिलहाल मिट्टी ऊपर आ रही है। इन्हें नियमित रूप से प्रयोग करने के लिए तैयार किया जाएगा। इस क्षेत्र में आग की घटना पर समय रहते काबू पाने के लिए इन चिह्नित बिंदुओं को दमकल को रीफिल करने में प्रयोग किया जाएगा जिससे समय रहते घटना पर काबू पाकर नुकसान को कम किया जा सकेगा। 

जिला उद्योग संघ की तरफ से आग जैसी घटनाओं पर समय रहते तत्परता से काबू पाने के लिए औद्योगिक सेक्टर 21 में दो जगह सबमर्सिबल पंप लगाकर दमकल फिलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जिनका दमकल विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण कर इनके प्रयोग पर भी सहमति जता दी है। औद्योगिक सेक्टरों के अलावा आसपास की शहरी कॉलोनियों व गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा।