Bhiwani News: नए इंडस्ट्रियल सेक्टर-31 और ट्रांसपोर्ट नगर को मंजूरी, 20 हजार को मिलेगा रोजगार
भिवानी में 350 एकड़ में बनेगा नया औद्योगिक सेक्टर-31 और ट्रांसपोर्ट नगर। HSVP ने डीमार्केशन प्लान को दी हरी झंडी। 500 नई इकाइयां लगेंगी और हजारों को मिलेगा रोजगार।
भिवानी। शहर में करीब 350 एकड़ भूमि पर नए औद्योगिक सेक्टर-31 और ट्रांसपोर्ट नगर के डीमार्केशन प्लान को मंजूरी मिल गई है जिससे करीब एक दशक से लंबित इस परियोजना का रास्ता साफ हो गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा रोहतक रोड स्थित गांव निनान के समीप इस परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद अब डिटेल एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो 30 अप्रैल तक डिटेल एस्टीमेट तैयार कर लिया जाएगा जिसमें बिजली, पानी, सीवर लाइन और सड़क निर्माण का पूरा खाका शामिल होगा। इसके साथ ही जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) के माध्यम से इन नए औद्योगिक सेक्टरों की प्लानिंग भी तैयार की जाएगी।
दरअसल, हरियाणा सरकार ने वर्ष 2016 में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे-709 ई पर गांव निनान के पास नया औद्योगिक सेक्टर-31 और ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने की योजना बनाई थी। इसके लिए करीब 350 एकड़ भूमि का अधिग्रहण भी किया गया था। वर्ष 2019 में लगभग 300 एकड़ में औद्योगिक सेक्टर और करीब 50 एकड़ में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने के लिए डीपीआर तैयार की गई थी। इस परियोजना पर करीब 184 करोड़ रुपये खर्च कर वर्ष 2021 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन मामला लंबे समय तक मुख्यालय स्तर पर लंबित रहा। अब डीमार्केशन प्लान को मंजूरी मिलने के बाद इस दिशा में तेजी आने की उम्मीद है।
500 नई औद्योगिक इकाइयों के साथ 15-20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
करीब 300 एकड़ में औद्योगिक सेक्टर-31 और 50 एकड़ में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित होने से जिले में लगभग 500 नई औद्योगिक इकाइयों के स्थापित होने की संभावना है। इससे 15 से 20 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है। नए औद्योगिक क्षेत्र में सरकार के नियमों के अनुसार प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इससे पहले एचएसवीपी द्वारा गांव निनान के समीप भूमि का अधिग्रहण और सीएलयू प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। सेक्टर विकसित करने से पहले सड़क, सीवर लाइन, पेयजल, बिजली और वाहन पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि बाद में प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया सुचारु रूप से शुरू हो सके।
नए औद्योगिक सेक्टर से शहर के विकास को मिलेगी गति
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे-709 ई पर गांव निनान के पास करीब 350 एकड़ में प्रस्तावित औद्योगिक सेक्टर और ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण से शहर के विकास को नई गति मिलेगी। वर्तमान में शहर में करीब 185 एकड़ क्षेत्र में सेक्टर-21 और 26 विकसित हैं जहां लगभग 250 औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं। इसके अलावा रोहतक रोड पर करीब साढ़े 300 एकड़ में सेक्टर-29 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित है जबकि इसी मार्ग पर करीब 350 एकड़ में अन्य औद्योगिक क्षेत्र भी फैला हुआ है।
भिवानी में सबसे पहले वर्ष 1975 में सेक्टर-21 और 26 स्थापित किए गए थे। अब शहर का दायरा डेढ़ गुना बढ़ चुका है जिससे नए उद्योगों की स्थापना की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
औद्योगिक सेक्टर 31 और ट्रांसपोर्ट नगर की डीमार्केशन प्लान को मंजूरी मिल चुकी है। जिसके बाद विभाग अब 30 अप्रैल तक इसका डिटेल एस्टीमेट तैयार करा देगा। जिसकी प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। डीटीपी के माध्यम से इसका प्लान तैयार किया जाना है।
एचएसवीपी के नए औद्योगिक सेक्टर, ट्रांसपोर्ट नगर के विकसित किए जाने से नए उद्योग, कोल्ड स्टोर, ट्रांसपोर्ट नगर में उद्योगपतियों को अपने उद्योग स्थापित करने का मौका मिलेगा। बाहर से सामान लाना और ले जाना आसान होगा। नए रोजगार के अवसर मिलेंगे। बाईपास के जरिए सभी रास्तों को जोड़ा जा चुका है। जिसका फायदा भी इन नए सेक्टर में स्थापित होने वाले उद्योगों को मिलेगा।
नए औद्योगिक सेक्टर 31 और ट्रांसपोर्ट नगर के लिए भूमि अधिग्रहण पहले ही हो चुकी है। ट्रांसपोर्ट नगर भिवानी का एक बड़ा प्रोजेक्ट हैं इसके आने से भिवानी जिले का बड़े शहरों की तर्ज पर तेजी से विकास होगा। भिवानी में नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। मैं काफी अर्से से इस मामले में लगा हुआ हूं, जल्द नए सेक्टर अस्तित्व में आएंगे और प्लाट आवंटन की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।

