Bhiwani Jahar Giri Ashram Sawan Special: सिद्धपीठ बाबा जहर गिरी आश्रम में सावन की धूम, जानें पारदेश्वर शिवलिंग पूजा का महत्व

सावन में भिवानी के सिद्धपीठ बाबा जहर गिरी आश्रम स्थित हरियाणा के एकमात्र पारदेश्वर शिवलिंग के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है।

 
भिवानी धार्मिक समाचार

भिवानी। सावन के पवित्र महीने में हलवास गेट स्थित सिद्धपीठ बाबा जहर गिरी आश्रम में शिवभक्ति की धूम है। आश्रम में स्थापित हरियाणा के एकमात्र पारदेश्वर शिवलिंग के दर्शन और जलाभिषेक के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन होने वाली विशेष पूजा के दौरान परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठता है।

इसी क्रम में महादेव अस्पताल कनीना के डॉ. जोगेंद्र सैनी ने आश्रम पीठाधीश्वर अंतरराष्ट्रीय महंत डॉ. अशोक गिरी महाराज के सानिध्य में पंडित कार्तिक द्वारा विधि-विधान से पारदेश्वर शिवलिंग की पूजा करवाई। मंत्रोच्चारण के साथ जलाभिषेक, पूजन और आरती की गई। इस दौरान लोककल्याण, सुख-शांति और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की गई।

महंत डॉ. अशोक गिरी महाराज ने कहा कि सावन भगवान शिव की भक्ति, साधना और आत्मचिंतन का पवित्र अवसर है। पारदेश्वर शिवलिंग सनातन परंपरा में भगवान शिव की आराधना के विशेष स्वरूप का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि सच्ची शिवभक्ति केवल पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, संयम, करुणा और परोपकार को जीवन में उतारना भी इसका हिस्सा है। जरूरतमंदों की सहायता, पौधरोपण, गोसेवा और किसी दुखी व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना भी शिव आराधना का ही रूप है।