भिवानी: दिल्ली-पिलानी हाईवे पर 11KV लाइन टूटी, ट्रक की चपेट में आने से घंटों जाम!
भिवानी के जूई बस स्टैंड पर तूड़े से भरे ट्रक ने तोड़ी 11 KV की बिजली लाइन। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर 5 घंटे लगा रहा जाम। ग्रामीणों ने ऊंचे टावर लगाने की मांग की।
भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709-ई पर स्थित जूई बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह तूड़े से भरे ट्रक में 11 केवी बिजली लाइन उलझने से यातायात घंटों बाधित रहा और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
सुबह करीब पांच बजे हुए इस हादसे में बिजली के तार नीचे सड़क की ओर लटक गए जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। दोनों तरफ बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची और लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान क्षेत्र में बिजली बाधित रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण धर्मसिंह, सोनू, राजेश, संदीप, विनोद और दीपक ने प्रशासन व बिजली निगम से मांग की है कि जूई बस स्टैंड पर जहां-जहां 11 केवी लाइन सड़क को क्रॉस करती है वहां लोहे के ऊंचे टावर लगाए जाए। उनका कहना है कि ऐसा नहीं होने पर तूड़े से भरे ऊंचे ट्रक बार-बार इस तरह के हादसों का कारण बनेंगे जिससे भविष्य में जान-माल का नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

