Kharak Kalan Mahapanchayat: यूजीसी नियमों और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में उतरा सवर्ण समाज, सात कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी

भिवानी के खरक कलां में 12-धमाण खाप की महापंचायत में बीजेपी के राजनीतिक बहिष्कार और सीएम की रैली के विरोध का एलान।
 
SC ST Act UGC rules protest

भिवानी। गांव खरक कलां में 12-धमाण खाप की अगुवाई में बुधवार को हुई महापंचायत में भाजपा के राजनीतिक बहिष्कार का एलान किया गया। खाप पदाधिकारियों और सर्व समाज ने छह सितंबर को बवानीखेड़ा में होने वाली मुख्यमंत्री की रैली के बहिष्कार का भी निर्णय लिया। महापंचायत में यूजीसी के नए नियमों, आरक्षण व्यवस्था और एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग को लेकर सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई गई।

महापंचायत में भिवानी शहर सहित खरक कलां, खरक खुर्द, कलिंगा, बामला, फूलपुरा, सिरसा घोघड़ा, सैय, रेवाड़ी खेड़ा, सीसर खास, नौरंगाबाद, चांग, बौंद कलां, रणकोली, सांकरोड, सांजरवास और मालपोश गांवों के गणमान्य लोगों और युवाओं ने हिस्सा लिया। खाप पदाधिकारियों और वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान नीतियां समाज के एक बड़े वर्ग के साथ अन्याय कर रही हैं। कानूनी प्रावधानों के दुरुपयोग से निर्दोष लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

आंदोलन को गति देने के लिए बुधवार से खरक कलां बस स्टैंड पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। धरने पर राजेंद्र कोटा, दीपक प्रधान, विरेंद्र, प्रदीप, रमेश सरपंच कलिंगा, मदन फुलपुरा, सुंदर फूलपुरा और अमर सिंह कप्तान सिरसा मौजूद रहे।

भाजपा के पूर्ण राजनीतिक बहिष्कार का लिया संकल्प
पंचायत में मौजूद सभी गांवों के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि जब तक केंद्र और राज्य सरकार इन कानूनों और व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार व बदलाव नहीं करती तब तक सवर्ण समाज भाजपा का पूर्ण राजनीतिक बहिष्कार करेगा और पार्टी को वोट नहीं देगा। इसी के तहत छह सितंबर को बवानीखेड़ा में होने वाली मुख्यमंत्री की रैली के बहिष्कार का निर्णय लिया गया।

भाजपा के सात सक्रिय कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा
महापंचायत के दौरान सरकार के प्रति गहरा रोष देखने को मिला। भाजपा से जुड़े सात सक्रिय कार्यकर्ताओं ने मंच से ही अपने पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफे की घोषणा कर दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक सरकार आम जनता और सर्वसमाज की भावनाओं का सम्मान नहीं करती तब तक वे संगठन के साथ काम करने में असमर्थ हैं।

व्यवस्था की विसंगतियों और कानूनों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई
12-धामाण खाप से कप्तान अमर सिंह ने महापंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि व्यवस्था में मौजूद विसंगतियों और कानूनों के दुरुपयोग के खिलाफ है। यूजीसी की नीतियों, आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था और एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों के दुरुपयोग से समाज का ताना-बाना प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इन कानूनों में ठोस बदलाव नहीं करती तब तक खरक कलां बस स्टैंड पर धरना जारी रहेगा और आंदोलन को पूरे प्रदेश स्तर पर ले जाया जाएगा।