Crop Waterlogging Compensation News 2026: भिवानी के खरकड़ी गांव में टूटी सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी नहर: 30 से 40 एकड़ गेहूं व सरसों की फसल जलमग्न

भिवानी के खरकड़ी गांव में सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी नहर टूटने से 30-40 एकड़ गेहूं व सरसों की फसल जलमग्न; एसडीएम के आदेश पर पानी बंद, किसानों ने मांगा मुआवजा।
 
crop waterlogging compensation news

भिवानी: खरकड़ी गांव में पातवान की ओर जाने वाली सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी नहर बुधवार शाम बुर्जी नंबर 84 के पास टूट गई। नहर का पानी खेतों में घुसने से 30 से 40 एकड़ में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल जलमग्न हो गई। किसानों को फसल बर्बाद होने की आशंका है।

किसानों ने नहर टूटने की सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। शाम करीब चार बजे नहर किनारे लगा पेड़ टूटकर गिरने से किनारा क्षतिग्रस्त हो गया और पानी खेतों में घुसने लगा। सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के अधिकारी करीब साढ़े चार बजे मौके पर पहुंचे और नहर को पाटने का काम शुरू कराया। देर शाम तक कर्मचारी क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में जुटे रहे।

🌾 स्पेशल गिरदावरी और मुआवजे की मांग

किसानों का कहना है कि खेतों में भरे पानी की जल्द निकासी नहीं हुई तो फसल पूरी तरह बर्बाद हो सकती है। संदीप श्योराण ने बताया कि विभाग को सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रभावित खेतों की तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा देने और नहर की मरम्मत कराने की मांग की। महंगाई और खेती की बढ़ती लागत से पहले ही परेशान किसानों के लिए यह दोहरी मार है।

🏛️ एसडीएम ने दिए पानी बंद कराने के आदेश

नहर टूटने की सूचना लोहारू के SDM मनोज दलाल को दी गई। उन्होंने तुरंत नहर का पानी बंद कराने के आदेश दिए और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजा। प्रभावित किसानों में सुरेश नाई, दिलबाग नाई, संजय नाई, जोगिंदर, राजवीर, राजपाल और रतन सिंह सहित कई किसान शामिल हैं। किसानों ने कर्ज लेकर बीज, खाद और जुताई पर हजारों रुपये खर्च कर गेहूं की बिजाई की थी, लेकिन जलभराव से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया।

🛠️ नहर का पानी बंद, मरम्मत का काम जारी

सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता बलदेव ने बताया कि नहर में पानी बंद करा दिया गया है और क्षतिग्रस्त हिस्से को पाटने का काम चल रहा है। नहर किनारे लगा पेड़ टूटने से किनारा क्षतिग्रस्त हुआ, जिसके कारण पानी का बहाव खेतों की ओर हो गया।