भिवानी: श्रीमद्भागवत कथा में कथाव्यास डॉ. विनय मिश्रा ने सुनाई श्रीकृष्ण लीलाएं
भिवानी के लिबर्टी सिनेमा रोड स्थित कुंगड़िया मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन डॉ. विनय मिश्रा ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और प्रह्लाद की कथा सुनाई।
भिवानी। लिबर्टी सिनेमा रोड स्थित कुंगड़िया मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन कथाव्यास डॉ. विनय मिश्रा ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य बाल लीलाओं, भक्त प्रह्लाद के अटूट विश्वास और भगवान के भक्तवत्सल स्वरूप का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं बल्कि मानव जीवन को सत्य, प्रेम, सेवा और भक्ति का मार्ग दिखाने वाला दिव्य ज्ञान है।
कथाव्यास डॉ. विनय मिश्रा ने कहा कि भगवान की कथा सुनने और उनका स्मरण करने से मनुष्य के जीवन के दुख दूर होते हैं तथा मन में शांति और सद्भाव का संचार होता है। उन्होंने कहा कि भगवान सदैव अपने भक्तों की रक्षा करते हैं। जो व्यक्ति निष्काम भाव से ईश्वर की भक्ति करता है, उसके जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में धर्म, संस्कार और सदाचार को अपनाने का आह्वान किया। कथा के दौरान भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरे पंडाल में राधे-राधे तथा जय श्रीकृष्ण के जयघोष गूंजते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में समिति सदस्य राजेंद्र शर्मा, पंडित मातूराम और शुभम शास्त्री ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

