Mandholi Khurd Bhiwani News: सील किए गए मेडिकल स्टोर की दीवार टूटी मिली, बिना डिग्री इलाज करने का भी भंडाफोड़
भिवानी के मंढोली खुर्द में सील किए गए मेडिकल स्टोर की दीवार तोड़कर दवाइयां निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस की मौजूदगी में सील खोलने पर दीवार टूटी मिली।
भिवानी। मंढोली खुर्द में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सील किए गए मेडिकल स्टोर में दवाइयां निकालने के लिए दीवार तोड़ने का मामला सामने आया है। चार अगस्त को सील किए गए स्टोर की सात अगस्त को पुलिस की मौजूदगी में सील खोली गई तो दीवार टूटी मिली।
अधिकारियों के अनुसार इसी रास्ते से सील किए गए कमरे में रखी दवाइयां बाहर निकालने का प्रयास किया। मामला सामने आने के बाद विभाग ने बची हुई दवाइयों को दोबारा सील कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर चार अगस्त को मेडिकल स्टोर को सील किया था। कार्रवाई के दौरान वहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां मिली थीं। इस दौरान मेडिकल संचालक नवीन मौके पर मौजूद नहीं था।
सात अगस्त को नवीन पुलिस थाने में पेश हुआ। इसके बाद ड्रग कंट्रोलर अधिकारी सुरेंद्र कुमार और पीएनडीटी एवं एमटीपी नोडल अधिकारी अनु चौधरी पुलिस की मौजूदगी में मेडिकल स्टोर पहुंचे और सील खुलवाई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर से जुड़े दूसरे कमरे का भी निरीक्षण किया।
यहां बिना किसी वैध डिग्री और चिकित्सकीय अनुभव के मरीजों को दाखिल कर उनका उपचार करने और दवाइयां देने की बात सामने आई।

