Bhiwani Mandi: मंडी में जगह की कमी, खरीद रोककर उठान पर जोर; बुधवार से फिर शुरू होगी तुलाई
भिवानी मंडी में गेहूं की भारी आवक के चलते सरकारी खरीद एक दिन के लिए रुकी। 15,000 कट्टों का हुआ उठान। बुधवार से दोबारा शुरू होगी गेहूं की तुलाई, जानें ताजा अपडेट।
भिवानी। जिला मुख्यालय की मंडी में मंगलवार को 400 किसानों के करीब 200 क्विंटल गेहूं की आवक हुई लेकिन मंडी में जगह की कमी के चलते सरकारी खरीद नहीं हो सकी जबकि उठान पर विशेष जोर देते हुए करीब 15,000 कट्टों की मंडी से उठान हुई।
मंडी में नई आवक बढ़ने के कारण किसानों को फसल उतारने के लिए जगह की समस्या का सामना करना पड़ा। इसी वजह से मंगलवार को खरीद प्रक्रिया रोककर उठान कार्य को प्राथमिकता दी गई। वहीं ग्रामीण क्षेत्र की मंडियों में भी गेहूं की आवक ने रफ्तार पकड़ ली है।
बुधवार को भिवानी मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद दोबारा शुरू की जाएगी। जिला मुख्यालय की मंडी सहित कुल 12 मंडियों में गेहूं की सरकारी खरीद जारी है। सोमवार को सर्वर डाउन होने के कारण ई-गेट पास और बायोमेट्रिक प्रक्रिया में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा था लेकिन मंगलवार को सर्वर सुचारु रूप से चलने से किसानों को राहत मिली।
भिवानी मंडी में अब तक 4900 मीट्रिक टन गेहूं की सरकारी खरीद की जा चुकी है जबकि 700 मीट्रिक टन गेहूं की उठान हो चुकी है। मंगलवार को मंडी में उठान कार्य पर अधिक ध्यान दिया गया क्योंकि बढ़ती आवक के कारण जगह की कमी की स्थिति बनने लगी थी। हालांकि चारामंडी में भी गेहूं की सरकारी खरीद की जा रही है लेकिन अधिकांश किसान भिवानी मुख्यालय की मंडी में ही पहुंच रहे हैं।
भिवानी मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद बुधवार को कराई जाएगी। मंगलवार को मंडी से गेहूं की उठान पर अधिक जोर रहा। मंडी में 30,000 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की संभावना है। किसानों को गेहूं खरीद के दौरान किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने दी जा रही है।

