Bhiwani Mangalamukhi Samaj News: महंत बुलबुल, महक और टीना के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने पर भिवानी में हंगामा

भिवानी में मंगलामुखी समाज के महंत बुलबुल, महक और टीना के संदिग्ध हालात में लापता होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज। अपहरण का लगाया गंभीर आरोप।

 
Bhiwani police station complaint

भिवानी। नारनौल, महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी के मंगलामुखी (किन्नर) समाज से जुड़े तीन प्रमुख महंत—बुलबुल, महक और टीना के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। समाज की शिष्या तनीषा ने वीरवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) और सिटी थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर तीनों की तुरंत तलाश करने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। तनीषा का आरोप है कि बुधवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कुछ संदिग्ध लोग लाठी-डंडों के साथ उनके दिनोद रोड स्थित आश्रम पहुंचे और वहां भय का माहौल पैदा किया।

🔍 रात में पुलिस दबिश और गाड़ियों के साथ आने पर उठे सवाल: समाज ने दी बड़े प्रदर्शन की चेतावनी

तनीषा के अनुसार, जब वे जान बचाने के लिए पिछले दरवाजे से निकलने लगे तो वहां भी लोग डंडे लेकर खड़े थे। कुछ देर बाद सिटी थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूछताछ के दौरान एक आत्महत्या मामले में इन महंतों का नाम आने की बात कही। शिष्या का आरोप है कि यदि कोई मामला दर्ज है तो पुलिस को दिन के समय नियमानुसार पूछताछ करनी चाहिए, न कि रात के वक्त गाड़ियों के साथ पहुंचकर धमकाना चाहिए। पुलिस थाने से लौटने के बाद आश्रम के बाहर से गाड़ियां और तीनों महंत गायब मिले। मंगलामुखी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही महंतों का सुराग नहीं लगाया गया तो वे सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे।