Municipal Council Bhiwani Action: भिवानी में फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की फिर तैयारी, जानिए शहर के मुख्य रास्तों का हाल

भिवानी में नगर परिषद के फुटपाथ अतिक्रमण हटाओ अभियान की हकीकत। मुख्य बाजारों और सड़कों पर स्थायी कब्जों से लग रहा जाम।
 
footpaths encroachment Bhiwani markets

भिवानी। नगर परिषद का फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने का अभियान कागजों तक सिमटा है और अब फिर कार्रवाई की तैयारी है। ट्रैफिक पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है जबकि फल-सब्जियों की स्थायी स्टॉल और खोखे फुटपाथों पर जमे हैं तथा शिकायतें समाधान शिविर तक पहुंचने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।

त्योहारी सीजन से पहले नगर परिषद बाजारों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने की तैयारी कर रही है। पिछले अभियानों में सामान जब्त होने के कुछ ही मिनट बाद दुकानदारों ने फिर सड़क और फुटपाथ पर सामान सजा लिया। इससे न दुकानदारों का सहयोग मिला न फुटपाथ खाली हो पाए। फल-सब्जियों की स्टॉलों पर भी कार्रवाई नहीं हो सकी।

शहर के मुख्य बाजारों के अलावा सर्कुलर रोड, हांसी रोड, रोहतक रोड, लोहारू रोड, दादरी गेट और कोंट रोड की फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में हैं। यहां स्थायी खोखे और स्टॉल लगी हैं। नगर परिषद रेहड़ी वालों को हटाती है लेकिन इन स्थायी कब्जों को न जब्त किया जाता है न ठोस कार्रवाई होती है। इससे अतिक्रमण हटाने की मुहिम खानापूर्ति बनकर रह जाती है।

50 फीट चौड़ी सड़क पर 20 फीट तक कब्जा
घंटाघर से सराय चौपटा मार्ग करीब 45 से 50 फीट चौड़ा है लेकिन अतिक्रमण के कारण कई जगह 15 से 20 फीट ही बचा है। करीब 500 मीटर के दायरे में सड़क किनारे 60 से अधिक स्टॉल लगी हैं और दुकानदारों का सामान सड़क तक फैला है। नया बाजार और हांसी गेट से घंटाघर चौक मार्ग भी अतिक्रमण से प्रभावित हैं। रोहतक गेट से नया बाजार, रोहतक गेट से बस स्टैंड और महम गेट क्षेत्र के मुख्य मार्ग भी कब्जों से जूझ रहे हैं। घंटाघर से सराय चौपटा, बिचला बाजार और नया बाजार मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति रहती है। त्योहारी सीजन में इन मार्गों पर समस्या और बढ़ जाती है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है।

फुटपाथ अतिक्रमण में लुप्त
शहर के सभी बाजारों में मुख्य मार्गों और सड़कों के किनारे फुटपाथ बने हैं। कहीं इनकी चौड़ाई 10 फीट तो कहीं 15 फीट तक है लेकिन अधिकांश पर दुकानदारों का कब्जा है। नगर परिषद ने हाल ही में भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग का सुंदरीकरण कराया है लेकिन नई फुटपाथ पर भी कब्जाधारी फिर काबिज हो गए हैं। घंटाघर से रेलवे रोड तक भी नई फुटपाथ पर दुकानदारों ने स्थायी काउंटर जमा लिए हैं। इससे फुटपाथ का उपयोग राहगीरों के लिए नहीं हो पा रहा है। अतिक्रमण के कारण शहर में पैदल चलने वालों के लिए जगह लगातार कम होती जा रही है।

नगर परिषद द्वारा इसी सप्ताह से शहर की फुटपाथों पर सभी तरह के अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद की एक संयुक्त टीम काम करेगी। ये अभियान शुरू किए जाने से पहले संबंधित विभागों से भी सहयोग लिया जाएगा। जिसको लेकर तैयारी की जा रही है।

नगर परिषद की तरफ से शहर की फुटपाथों पर अतिक्रमण हटाने संबंध में फिलहाल ट्रैफिक पुलिस के पास कोई सूचना नहीं है। अगर नगर परिषद की तरफ से इस संबंध में कोई पत्राचार या फिर सूचना होती है तो यातायात पुलिस का पूरा सहयोग रहेगा। शहर में फुटपाथों पर कब्जों की वजह से वाहन पार्किंग को लेकर बड़ी समस्या बनी है।