Bhiwani News: मेडिकल एंड ड्रग सोसाइटी चलाएगी नकली दवाओं के खिलाफ अभियान, नए पदाधिकारियों का चुनाव

भिवानी में मेडिकल एंड ड्रग सोसाइटी की बैठक में नकली दवाओं के खिलाफ अभियान चलाने और नशा न बेचने का संकल्प लिया गया। संजय कनोडिया नए प्रधान चुने गए।
 
नकली दवा अभियान

भिवानी। मेडिकल एंड ड्रग सोसाइटी नकली दवाओं के खिलाफ अभियान चलाएगी और नशा नहीं बेचने के संकल्प के साथ दवा कारोबार को हरियाणा सरकार की गाइडलाइंस के अनुरूप संचालित करेगी। यह निर्णय भिवानी में आयोजित सोसाइटी की बैठक में लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चुनाव भी किया गया।

बैठक में संजय कनोडिया को प्रधान, अशोक गोयल को महासचिव, आशीष गोयल को कोषाध्यक्ष और अतुल ठुकराल को उपप्रधान चुना गया। वहीं अशोक सिंगला को ऑल इंडिया वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई। ऑल इंडिया वाइस प्रेसिडेंट अशोक सिंगला ने कहा कि भिवानी जिला लंबे समय से हरियाणा स्टेट संगठन से पूरी तरह जुड़ा नहीं था लेकिन अब नए संगठनात्मक ढांचे के साथ यह तालमेल मजबूत होगा। इससे जिले के दवा विक्रेताओं को राज्य स्तर पर सहयोग मिलेगा और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सकेगा।

नवनियुक्त प्रधान संजय कनोडिया ने नकली दवाओं के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए ऑनलाइन माध्यम से बिक रही फर्जी दवाओं के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेडिकल एंड ड्रग सोसाइटी नकली दवाओं के खिलाफ अभियान चलाएगी। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की गाइडलाइंस के अनुरूप ही दवा कारोबार संचालित किया जाएगा ताकि लोगों को सुरक्षित और प्रमाणित दवाएं मिल सकें।

इस दौरान केमिस्टों ने नशा नहीं बेचने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर ललित मिड्ढा, अशोक मुंजाल, महेंद्र जैन, संजय गर्ग, नरेश कुमार, मनीष और भूषण मौजूद रहे।