भिवानी मेडिकल कॉलेज: लिफ्ट और सर्वर डाउन, मरीजों की बढ़ीं मुश्किलें

भिवानी के पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज में 3 लिफ्ट बंद और सर्वर डाउन होने से मरीजों को भारी परेशानी। बुजुर्ग और हड्डी रोग के मरीज घंटों कर रहे इंतजार।

 
स्वास्थ्य सेवाएं भिवानी

भिवानी। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में दवा वितरण केंद्र और पंजीकरण केंद्र के बीच लगी चार लिफ्टों में से तीन बंद होने से मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और हड्डी संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों को हो रही है। वहीं पंजीकरण केंद्र पर सर्वर डाउन होने के कारण मरीजों की पर्चियां मैनुअल बनाई जा रही हैं जिससे वहां भी भीड़ बढ़ गई है।

ओपीडी भवन के ऊपरी तलों पर जाने के लिए मरीजों को लिफ्ट का सहारा लेना पड़ता है। हड्डी रोग विभाग पहली मंजिल पर होने के कारण दर्द, चोट और जोड़ों की समस्या से पीड़ित मरीजों को चिकित्सक तक पहुंचने के लिए लिफ्ट का इंतजार करना पड़ रहा है। तीन लिफ्ट बंद होने से एकमात्र लिफ्ट पर मरीजों का दबाव बढ़ गया है। लिफ्ट लगातार ऊपर-नीचे संचालित होने के कारण हर मंजिल पर मरीजों की भीड़ लग रही है।

वहीं पंजीकरण केंद्र पर सर्वर डाउन होने के कारण स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की पर्चियां मैनुअल बना रहे हैं। इससे पर्ची बनाने में अधिक समय लग रहा है और पंजीकरण केंद्र पर मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। मरीज सुरेंद्र, संगीता और चेतन ने बताया कि वे करीब 10 मिनट से लिफ्ट का इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी तक लिफ्ट उनके तल पर नहीं पहुंची। भीड़ अधिक होने के कारण चोटिल मरीजों और बुजुर्गों को लिफ्ट में चढ़ने तक में परेशानी हो रही है।

अधिकारी बोले : तकनीकी कारण से बंद हुई होंगी लिफ्टें
ओपीडी विभाग के प्रभारी डॉ. राजेश ने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर में तीन अलग-अलग स्थानों पर कुल आठ लिफ्ट लगी हुई हैं। उनके अनुसार सभी लिफ्ट चालू हालत में हैं। संभव है कि किसी तकनीकी कारण से संबंधित लिफ्टें अस्थायी रूप से बंद हुई हों। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराकर मरीजों की सुविधा के लिए सभी लिफ्टों को जल्द चालू कराया जाएगा।