Health Alert: भिवानी में बढ़ रहे यूरिन संक्रमण के मरीज, कम पानी पीना बन रहा मुख्य कारण

भिवानी मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में हर दिन पहुंच रहे यूरिन संक्रमण के दर्जनों मरीज। विशेषज्ञों ने बताया कम पानी पीने से किडनी और मूत्र मार्ग में कैसे बढ़ता है खतरा। जानें लक्षण और बचाव।

 
यूरिन इन्फेक्शन के लक्षण

भिवानी। पानी कम पीने की आदत लोगों में यूरिन संक्रमण की समस्या तेजी से बढ़ा रही है। इसके कारण लोगों में पेशाब में जलन, पेशाब रुक-रुक कर आना और पेट दर्द जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

सामान्य रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 350 मरीज जांच के लिए पहुंचते हैं जिनमें औसतन 45 से 50 मरीज यूरिन संक्रमण और पथरी के दर्द से पीड़ित पाए जा रहे हैं। वहीं महिला रोग विशेषज्ञ के पास भी प्रतिदिन 40 से 50 महिलाएं यूरिन संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रही हैं।

चिकित्सकों के अनुसार यूरिन संक्रमण पूरे मूत्र तंत्र को प्रभावित करता है जिसमें किडनी, मूत्रवाहिनी, मूत्राशय और मूत्र मार्ग शामिल हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि पानी कम पीना इस समस्या का प्रमुख कारण बन रहा है। पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने से पेशाब कम आता है जिससे शरीर के विषैले तत्व बाहर नहीं निकल पाते और गुर्दों में पथरी बनने की संभावना बढ़ जाती है। यही पथरी आगे चलकर संक्रमण का कारण बनती है।

उन्होंने बताया कि संक्रमण के कारण मरीजों को पेशाब करते समय जलन, दर्द और असहजता महसूस होती है। ऐसे में समय रहते सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। चिकित्सकों ने लोगों को दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, पेशाब न रोकने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है ताकि मूत्र मार्ग में किसी प्रकार की रुकावट न हो और संक्रमण से बचाव किया जा सके।

यूरिन संक्रमण के लक्षण
पेशाब करते समय जलन।
पेट के निचले हिस्से में दर्द।
कमर दर्द।
बदबूदार पेशाब आना।
ठंड लगना।
बुखार आना।

संक्रमण होने के कारण
पानी कम पीना।
पेशाब रोक कर रखना।
कमजोर इम्युन सिस्टम।
सर्जरी या लंबे समय तक बिस्तर पर आराम करना।