भिवानी: महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार का सम्मान, कही बड़ी बात
भिवानी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त उपाध्यक्ष मीना परमार का रविवार को स्थानीय रोहतक गेट स्थित राजपूत धर्मशाला में हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा की ओर से नागरिक अभिनंदन किया गया। समारोह में समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और सभा के पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर तथा शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर समाज एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भिवानी बाल संरक्षण आयोग के चेयरमैन अधिवक्ता प्रदीप सिंह तंवर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. बृजपाल सिंह पप्पू ने की। सभा के मुख्य संरक्षक आरपी सिंह ने विशेष रूप से उपस्थित होकर मीना परमार को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का संचालन कर्नल जगदीश सिंह ने किया।
मीना परमार ने कहा कि उन्हें सौंपी गई नई जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं बल्कि प्रदेश की हर उस महिला की आवाज बनने का माध्यम है जो न्याय और संबल की उम्मीद रखती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की महिलाओं ने खेल, शिक्षा और राजनीति सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगी कि प्रदेश का माहौल हर बेटी और महिला के लिए सुरक्षित, सुलभ और गरिमापूर्ण बने। इस अवसर पर कर्नल जगदीश सिंह, जयपाल सिंह चौहान, वेदपाल सिंह परमार, प्रेम सिंह तंवर और बिजेंद्र सिंह परमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

