भिवानी: समुद्र में लापता नाविक दीपक डुड्डी की खोज के लिए सांसद ने की अपील

तुर्की के जहाज से लापता भिवानी के नाविक दीपक डुड्डी की खोज के लिए सांसद ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र। परिवार ने निष्पक्ष जांच और साजिश की आशंका जताई। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

 
दीपक डुड्डी झांझड़ा टोडा

भिवानी। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को पत्र लिखा है। उन्होंने भिवानी के गांव झांझड़ा टोडा निवासी 23 वर्षीय भारतीय नाविक दीपक डुड्डी की खोज के लिए अनुरोध किया है। सांसद ने जांच और आवश्यक राजनयिक हस्तक्षेप के लिए तत्काल प्रयास तेज करने की मांग की है।

दीपक एक्वानोवा शिप मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड भारत के माध्यम से तुर्की स्थित पोत मालिक के अधीन कार्यरत था। वह पुर्तगाली ध्वज के तहत चलने वाले जहाज पर काम कर रहा था। परिवार द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज के अनुसार दीपक ने 20 मार्च को नौ महीने के रोजगार अनुबंध पर जहाज ज्वाइन किया था। दीपक के परिवार वालों ने सांसद को बताया कि उन्हें पांच जुलाई को जानकारी मिली। जानकारी के अनुसार यूक्रेन क्षेत्र में समुद्र में गिरने के बाद से दीपक कथित तौर पर लापता है।

कंपनी से रिपोर्ट का मिला आश्वासन
दीपक के बड़े भाई राहुल ने बुधवार को मुंबई में कंपनी अधिकारियों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया है कि संबंधित कंपनी दो दिन में अपनी रिपोर्ट दे देगी। परिवार को उस रिपोर्ट से अवगत करा दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद राहुल वापस घर लौटने के लिए रवाना हो गया है। हालांकि, अभी तक परिवार कंपनी के जवाब से संतुष्ट नहीं है।

परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग
लापता होने के बाद से दीपक का शव बरामद नहीं हुआ है। परिवार को घटना की सटीक परिस्थितियों के बारे में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला है। शोकाकुल परिवार ने इस घटना को लेकर गंभीर आशंकाएं व्यक्त की हैं। दीपक के भाई राहुल ने कहा कि पुख्ता सबूत और पारदर्शी जानकारी के अभाव में उन्हें डर है। उन्हें लगता है कि यह केवल दुर्घटनावश समुद्र में गिरने का मामला नहीं हो सकता है। उन्होंने निष्पक्ष जांच के माध्यम से साजिश या हत्या की संभावना की भी गहन जांच करने का अनुरोध किया है।

सांसद ने वास्तविक तथ्यों का पता लगाने का किया अनुरोध
सांसद ने विदेश मंत्री से अनुरोध किया है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपक की गहन खोज की जाए। उन्होंने उनके पार्थिव शरीर को वापस लाने के लिए भारतीय दूतावास और संबंधित विदेशी अधिकारियों के माध्यम से सभी संभावित राजनयिक प्रयास सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि संबंधित भारतीय मिशन को पुर्तगाली समुद्री प्राधिकरणों, तुर्की के शिप मैनेजमेंट, जहाज के मालिक और अन्य सक्षम अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने का निर्देश दें। सांसद ने वास्तविक तथ्यों का पता लगाने और यह जांचने के लिए कि क्या इसमें कोई आपराधिक कृत्य, लापरवाही या साजिश शामिल थी, एक व्यापक और स्वतंत्र जांच की मांग की है।

सांसद ने सीसीटीवी फुटेज, ब्रिज लॉग, डेक लॉग, क्रू के बयान, जीपीएस रिकॉर्ड, समुद्री यात्रा के रिकॉर्ड और संचार रिकॉर्ड को सुरक्षित और जांचने को कहा है। उन्होंने किसी भी ऑनबोर्ड जांच रिपोर्ट सहित सभी प्रासंगिक साक्ष्यों को जांचने का भी अनुरोध किया है। सांसद ने परिवार को तलाशी अभियान और जांच की प्रगति के बारे में नियमित रूप से सूचित करने को कहा है। सांसद ने कहा कि दीपक का परिवार भारी मानसिक सदमे से गुजर रहा है। उन्होंने इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेने और जल्द से जल्द आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।