Bhiwani News: मुंढाल में होटल कर्मचारी ने बस के आगे कूदकर की आत्महत्या, CCTV वायरल
भिवानी के मुंढाल में एनएच-9 पर दर्दनाक हादसा। होटल कर्मचारी रविंद्र ने चलती बस के आगे कूदकर दी जान। सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल। पुलिस जांच में जुटी।
भिवानी । गांव मुंढाल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर शनिवार शाम एक होटल में काम करने वाले कारिंदे रविंद्र ने निजी बस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम एक निजी बस महम से हांसी की ओर जा रही थी। जब बस गांव मुंढाल में तिरंगा होटल के पास पहुंची तो वहीं मौजूद बिहार के पटना जिले के गांव हारा गांव निवासी 55 वर्षीय रविंद्र अचानक दौड़कर बस के आगे कूद गया। बस चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन बस के पिछले टायर उसके ऊपर से गुजर गए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मुंढाल पुलिस चौकी के जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

