भिवानी: पेपर लीक के विरोध में राष्ट्रपति अवॉर्डी ने रेंगकर किया प्रदर्शन

भिवानी में पेपर लीक के विरोध और दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में राष्ट्रपति अवॉर्डी अशोक भारद्वाज ने पेट के बल रेंगकर अनोखा प्रदर्शन किया।

 
Dharmendra Pradhan resignation demand

भिवानी: पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली में भड़की आंदोलन की चिंगारी हरियाणा में भी सुलग रही है. दिल्ली में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन में बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में भिवानी में अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. राष्ट्रपति अवॉर्डी अशोक भारद्वाज पेट के बल भिवानी के अग्रसेन चौक से भोज्जा वाली माता के मंदिर तक रेंगते हुए पहुंचे और छात्रों की आवाज को बुलंद किया.

भिवानी में अनोखा प्रदर्शन: इस मौके पर राष्ट्रपति अवॉर्डी अशोक भारद्वाज ने कहा कि "माता रानी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सद्बुद्धि दे. ताकि पीएम छात्रों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत कर उनकी समस्या का समाधान करें. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों की मांगों पर गौर करें और रास्ता निकाले. विद्यार्थी किसी राजनीतिक तौर पर नहीं, बल्कि अपने हकों व भविष्य की लड़ाई लड़ रहे है. सरकार को छात्रों की मांगों को जल्द पूरा करना चाहिए."

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग: शुक्रवार को भी हरियाणा के छात्र पेपर लीक के विरोध में सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. अलग-अलग जिलों में छात्रों ने एसडीएम और डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. चरखी दादरी की छात्रा किरण ने कहा कि "छात्रों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकजुटता है. यदि देशभर के विद्यार्थी संगठित होकर अपनी आवाज उठाएंगे, तो सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना होगा."

वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग: विद्यार्थियों ने वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने, प्रत्येक परीक्षा का स्पष्ट सिलेबस पहले से घोषित करने तथा परीक्षा केंद्र गृह जिले या नजदीकी क्षेत्रों में बनाने की मांग भी रखी. उनका कहना था कि दूरस्थ परीक्षा केंद्रों से विशेषकर छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इसलिए परीक्षा केंद्र गृहजिले में ही होना चाहिए.