Bhiwani Road Accident: नरहड़ पीर से लौट रहे परिवार की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, नानी और 6 साल के बच्चे की मौत

भिवानी में नेशनल हाईवे पर ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में नानी और दोहिते की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 
DSP Loharu Sanjeev Gaur

हरियाणा के भिवानी जिले में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार नानी और उनके दोहिते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस भीषण दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे उस वक्त हुआ जब परिवार राजस्थान के पिलानी स्थित नरहड़ पीर बाबा के दरबार में माथा टेककर अपने घर लौट रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

🏥 गमगीन हुआ माहौल: गर्भवती ननद और भाभी को रोहतक पीजीआई किया गया रेफर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

डीएसपी लोहारू संजीव गौड़ और जूई कलां थाना प्रभारी अजय कुमार तुरंत मौके और अस्पताल पहुंचे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मंढाना निवासी सुलोचना (58) और उनके 6 साल के दोहिते अर्णव के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना ने परिवार को ऐसा जख्म दिया है जो कभी नहीं भर सकता; हादसे में अंजली ने अपनी सास और रश्मि ने अपनी मां व बेटे को खो दिया है। खास बात यह है कि दोनों (ननद और भाभी) गर्भवती हैं। गंभीर रूप से घायल रश्मि, अंजली और कर्मबीर को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।