NEET Success Stories: विधायक घनश्याम सर्राफ ने भिवानी के प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित

भिवानी में नीट परीक्षा पास करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भाजपा कार्यालय में सम्मानित किया गया। विधायक घनश्याम सर्राफ और जिलाध्यक्ष ने दी बधाई।
 
भिवानी बीजेपी कार्यालय

भिवानी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थी रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में सम्मानित किए गए। विधायक घनश्याम सर्राफ और भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर, पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि भिवानी के बच्चों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लगन और प्रतिभा के मामले में वे किसी से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नीट जैसी देश की कठिनतम परीक्षाओं में सफलता हासिल करना साधारण उपलब्धि नहीं है।

यह विद्यार्थियों की अथक मेहनत, उनके माता-पिता के त्याग और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भिवानी के ये होनहार विद्यार्थी डॉक्टर बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे। भाजपा परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बच्चों ने इस परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि यदि हौसला बुलंद हो तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती।

सम्मानित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों में शिवम, अर्पित गर्ग, योगेश, हिमांशु, हर्ष, अंकित, अभिनव वशिष्ठ, लक्ष्य, एजेंलिना, रुद्रप्रताप, कुशलता, प्रिया और अंतिमा शामिल रहे।