भिवानी में मरीजों को बड़ी राहत! मेडिकल कॉलेज में स्थापित हुईं 2 एक्स-रे और 2 अल्ट्रासाउंड मशीनें

भिवानी के पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज और नागरिक अस्पताल में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड सेवाएं अलग होंगी। 4 नई मशीनें स्थापित होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

 
भिवानी न्यूज हिंदी

भिवानी। लंबे समय बाद अब पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला नागरिक अस्पताल में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड की सुविधाएं अलग-अलग उपलब्ध होंगी। मेडिकल कॉलेज परिसर के जी-38 कक्ष में दो एक्स-रे और दो अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित कर दी गई हैं जिनका संचालन जल्द शुरू होगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग मेडिकल कॉलेज और जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी भी अलग-अलग संचालित करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।

जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए एक सेवानिवृत्त रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं पांच वर्ष के अनुबंध पर ली गई हैं। इससे रेडियोलॉजी सेवाओं की निरंतरता बनी रहेगी और मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वहीं मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड सेवाओं के लिए दो गायनी विशेषज्ञ और दो रेडियोलॉजिस्ट तैनात किए गए हैं। इनके माध्यम से दो अल्ट्रासाउंड और दो एक्स-रे मशीनों का संचालन किया जाएगा। इससे मरीजों की प्रतीक्षा सूची कम होगी और जांच सुविधाओं पर दबाव भी घटेगा।

विशेषज्ञ चिकित्सक से जल्द मिल सकेगी जांच सुविधा
मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू होने के बाद मरीजों को काफी राहत मिलेगी। चिकित्सकीय परामर्श के बाद उन्हें जांच के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची में शामिल नहीं होना पड़ेगा और उसी दिन जांच कराना संभव हो सकेगा। अभी जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए करीब एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ता है। एक्स-रे जांच में भी प्राथमिकता गर्भवती महिलाओं और सड़क हादसों में घायल मरीजों को दिए जाने के कारण अन्य मरीजों को प्रतीक्षा करनी पड़ती है।

चिकित्सा सुविधाओं का होगा विस्तार
स्वास्थ्य विभाग की नई व्यवस्था से पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला नागरिक अस्पताल दोनों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा। मेडिकल कॉलेज में अलग से एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू होने से जांच का दबाव बंटेगा और दोनों संस्थानों में मरीजों की भीड़ कम होगी। वहीं नागरिक अस्पताल में सेवानिवृत्त रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति से विशेषज्ञ सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी।

जिला नागरिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के लिए अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की अलग-अलग व्यवस्था हो चुकी है। जल्द ही मेडिकल कॉलेज में भी ये सुविधा मरीजों को मिलना आरंभ हो जाएगी। मेडिकल कॉलेज में दो एक्स-रे और दो अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित हो चुकी हैं, जबकि नागरिक अस्पताल में भी दो अल्ट्रासाउंड और एक एक्स-रे मशीन है, जिसका पहले की तरह नियमित संचालन होता रहेगा। मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा शुरू होने के बाद दबाव कम होगा और मरीजों को त्वरित उपचार मिलेगा।