भिवानी: 2.5 करोड़ की नवनिर्मित सड़क में जलभराव, ढक्कन टूटने से खतरा

भिवानी में ढाई करोड़ की लागत से बनी आरसीसी सड़क पहली बारिश में ही डूब गई। मैनहोल के ढक्कन टूटने से बढ़े हादसे के खतरे। प्रशासन ने दिए सुधार के निर्देश।

 
भिवानी प्रशासन समाधान शिविर

भिवानी। नगर परिषद द्वारा करीब ढाई करोड़ रुपये के बजट से हाल ही में निर्मित आरसीसी सड़क पर हल्की बारिश के बाद ही जलभराव के हालात बन गए हैं। कृष्णा कॉलोनी से जीतुवाला फाटक पार श्मशान घाट के समीप सड़क पर जलभराव हो रहा है। वहीं सड़क के बीचोंबीच बने सीवर मैनहोल के ढक्कन भी टूटकर गटर में गिर गए हैं जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है।

शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी पार्षद प्रतिनिधि अनिल कुमार ने वीरवार को समाधान शिविर में शिकायत देकर समस्या के समाधान की मांग की। उन्होंने शिकायत में बताया कि आरसीसी सड़क निर्माण के बाद बारिश के पानी की निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। मार्ग पर कई जगह लेवलिंग सही नहीं होने की वजह से बारिश का पानी जमा हो रहा है। इसी तरह वाहनों के दबाव से बीचोंबीच बने सीवर मैनहोल के ढक्कन भी टूट चुके हैं जिससे गहरे सीवर में गिरने का खतरा बना हुआ है। समाधान शिविर में पहुंची शिकायत पर संबंधित अधिकारियों ने ठेकेदार के माध्यम से समस्या के समाधान के निर्देश दिए हैं।