भिवानी: संपर्क मार्गों की दुर्दशा से ग्रामीण परेशान, हादसों का बढ़ा डर

भिवानी के हसान-देवराला और तालू-कुंगड़ संपर्क मार्गों की हालत खस्ता। सड़क टूटने और झाड़ियों से हादसों का डर, अधिकारियों ने दिया जल्द काम पूरा करने का आश्वासन।

 
ग्रामीण सड़क संपर्क न्यूज़

कैरू। हसान से देवराला, सिधन्वा, तालू से कुंगड़ के संपर्क मार्गों की हालत खस्ता है। इसको लेकर वीरवार को समाधान शिविर में भी ये मामला गूंजा। पूर्व जिला पार्षद ईश्वर मान ने समाधान शिविर में खस्ताहाल संपर्क मार्गों की दुर्दशा बयां की।

भिवानी के तीन संपर्क मार्ग हसान से देवराला व सिधनवा और तालू से कुंगड़ सड़क की खस्ता हाल है। सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह से गायब है, नीचे केवल रेत दिखाई देने लगा है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से दोपहिया वाहन तो दूर खेतों में पैदल जाने वाले राहगीरों के लिए भी मुश्किल हो रही है।

देवराला से हसान संपर्क मार्ग ईशरवाल सिवानी को जोड़ता है। राहगीर और वाहन चालक हर दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं। दो वर्ष से भी अधिक समय से सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। वहीं, तालु गांव के जलघर से लेकर कुंगड़ गांव तक जाने वाली सड़क जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुकी है।

इसके अलावा, सड़क के दोनों तरफ काबुली कीकर और अन्य कटीली झाड़ियां उगे हुए हैं जो आने-जाने वाले लोगों के लिए हादसों का डर बढ़ा रहे हैं। जिला परिषद विभाग ने इस सडक़ का एस्टीमेट बनाकर टेंडर भी लगा दिया है लेकिन लंबे समय से ठेकेदार द्वारा जमीनी स्तर पर काम शुरू ही नहीं किया गया।

जिला परिषद नरेंद्र का कहना है कि निर्माण किया जा रहा है और एक किलोमीटर का कार्य बचा हुआ है। जल्द ही तैयार हो जाएगा। मार्केटिंग बोर्ड के कार्यक्षेत्र में आने वाली हसान से सिधनवा गांव की सड़क का कार्य पिछले 6 महीनों से अधूरा पड़ा हुआ है। ठेकेदार द्वारा काम बीच में ही लटका देने के कारण ग्रामीणों को बेहद कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे गांवों से घूमकर लंबा चक्कर काटना पड़ता है।

देवराला से हसान संपर्क मार्ग का एस्टीमेट बनाकर भेजा हुआ है। पास होते ही टेंडर लगा दिया जाएगा। कुंगड से तालू मार्ग निर्माण कार्य जारी है, एक किलोमीटर की दूरी तक सड़क बची हुई है। जल्द ही इसका काम भी पूरा हो जाएगा